

वाराणसी:- भारत के उप राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन स्थित ब्रीफिंग हॉल में समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वीआईपी आगमन और प्रस्थान के दौरान निर्धारित रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। प्रमुख चौराहों, तिराहों, संवेदनशील स्थानों, गलियों और लिंक मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। महिला आगंतुकों की जांच महिला पुलिसकर्मियों से ही कराई जाएगी।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी –
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट के आसपास ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ होटल, ढाबों और गेस्ट हाउसों की चेकिंग एवं सत्यापन भी कराया जाएगा।
यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर –
पुलिस आयुक्त ने यातायात पुलिस को वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौराहों और गलियों में बैरिकेडिंग एवं रस्सों के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करने के साथ आपातकालीन आवागमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं –
मोहित अग्रवाल ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचें। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारी और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं, ताकि उप राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री का प्रस्तावित वाराणसी दौरा सकुशल और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।



