
नवीन तिवारी —
वाराणसी:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को कमिश्नरी सभागार में निर्वाचन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित होनी चाहिए और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने युवा एवं महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद की सामान्य जानकारी के साथ विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो और निर्वाचन से संबंधित चल रहे कार्यों की जानकारी दी। निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर गंभीरता और समन्वय के साथ काम किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाए जाएं, ताकि नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हो सकें। मतदाता जागरूकता के लिए अभियान चलाने के साथ सिनेमा हॉलों में विज्ञापन के माध्यम से भी लोगों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करने को कहा।

जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने पात्र महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेने को कहा। साथ ही फार्म-8 के माध्यम से होने वाले संशोधन कार्यों की लगातार निगरानी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की अहम भूमिका है। निर्वाचन कार्य में लगे मतदान कार्मिकों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों और मतदान केंद्रों पर कार्मिकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में संवेदनशील बूथों के चिन्हीकरण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निर्वाचन आयुक्त ने नए मतदाताओं के भरे गए फार्म देखे और उनसे बातचीत भी की।
बूथों पर पहुंचकर परखी पुनरीक्षण की स्थिति –
समीक्षा बैठक से पहले निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने संपूर्णानंद, राजकीय क्वींस कॉलेज और मॉडल प्राइमरी स्कूल, कैंटोनमेंट स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों का जायजा लिया।
बैठक के अंत में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



