होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों के बारूदी सुरंगों से टकराने का ईरान का दावा, जहाजों में लगी आग –

प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जहाजों को ईरानी नौसेना की चेतावनी, दो अन्य टैंकर रास्ता बदलकर लौटे
नई दिल्ली:- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना और सशस्त्र बलों की नौसेना ने दावा किया है कि समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद तीन तेल टैंकरों में विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई।
ईरान की सरकारी मीडिया IRIB के मुताबिक, IRGC नौसेना ने बताया कि दो तेल टैंकर बिना अनुमति जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। विस्फोट के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
चेतावनी के बाद लौटे दो टैंकर –
IRGC नौसेना ने यह भी दावा किया कि दो अन्य टैंकर गुप्त रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नेवल ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर से चेतावनी मिलने के बाद उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया और फारस की खाड़ी की ओर लौट गए।
होर्मुज के पूर्वी हिस्से में भी आग लगने का दावा –
ईरान की सशस्त्र बलों की नौसेना ने एक अलग घटना में होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक अन्य तेल टैंकर के बारूदी सुरंग से टकराने और आग लगने की जानकारी दी। ईरानी नौसेना के अनुसार, जहाज प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था और उसने पहले जारी चेतावनियों को नजरअंदाज किया था। ईरान ने यह भी आरोप लगाया कि जहाज ने अपने ट्रैकिंग और पहचान संबंधी सिस्टम बंद कर रखे थे।
शिपिंग कंपनियों को सख्त चेतावनी –
ईरानी नौसेना ने शिपिंग कंपनियों और टैंकर संचालकों को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जहाजों को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ सकता है। ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आश्वासनों पर भरोसा करके जहाजों को ऐसे क्षेत्रों में भेजने पर भी सवाल उठाए हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में यहां जहाजों की आवाजाही पर बढ़ता खतरा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार के लिए चिंता का विषय बन सकता है।



