शरजील इमाम पर अमेरिकी आयोग की टिप्पणी से भड़का विवाद, भारतीय राजदूत क्वात्रा ने लगाई फटकार; बोले- लेक्चर देना बंद करे USCIRF –

दिल्ली:- शरजील इमाम को लेकर अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) की टिप्पणी पर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने आयोग को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का USCIRF को कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आयोग के आकलन को पक्षपाती और पूर्वाग्रह से प्रेरित बताते हुए उसे दूसरों को उपदेश देने के बजाय अपने रवैये पर आत्ममंथन करने की सलाह दी।
USCIRF ने शरजील इमाम को धार्मिक स्वतंत्रता का पैरोकार बताया –
दरअसल, USCIRF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शरजील इमाम की प्रोफाइल साझा करते हुए उन्हें ऐसा मुस्लिम व्यक्ति बताया, जिसे भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की वकालत करने के कारण हिरासत में रखा गया है। आयोग ने अपनी पोस्ट में उनकी हिरासत को धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दे के रूप में प्रस्तुत किया। इसी टिप्पणी पर भारत की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई।
क्वात्रा का दो टूक जवाब- भारत की प्रतिबद्धता पर सवाल नहीं उठा सकता आयोग –
भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने X पर जवाब देते हुए कहा कि USCIRF को भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आयोग के लगातार पक्षपाती, अधूरी जानकारी पर आधारित और पूर्वाग्रह से भरे आकलन धार्मिक स्वतंत्रता तथा सभी धर्मों के लिए समान अधिकारों के प्रति भारत की संवैधानिक प्रतिबद्धता को कम नहीं कर सकते।
क्वात्रा ने आगे कहा कि USCIRF के एजेंडे से प्रेरित और पक्षपाती विमर्शों को दरकिनार करते हुए भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आयोग को अपने पूर्वाग्रहों पर आत्मचिंतन करना चाहिए और दूसरों को लेक्चर देना बंद करना चाहिए।
क्या है शरजील इमाम का मामला?
शरजील इमाम को जनवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने उन पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों की कथित बड़ी साजिश से जुड़े मामले में भी आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस का आरोप है कि उनके भाषणों ने हिंसा भड़काने में भूमिका निभाई थी। इन आरोपों पर न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
पहले भी भारत पर सवाल उठाता रहा है USCIRF –
गौरतलब है कि USCIRF अमेरिकी कांग्रेस द्वारा स्थापित एक स्वतंत्र और द्विदलीय आयोग है, जो दुनियाभर में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति पर नजर रखता है। आयोग पहले भी भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर अपनी रिपोर्ट और सिफारिशों के जरिए सवाल उठाता रहा है। भारत सरकार ने पूर्व में भी आयोग की टिप्पणियों को पक्षपातपूर्ण और तथ्यों से परे बताते हुए खारिज किया है।
शरजील इमाम पर ताजा टिप्पणी और भारतीय राजदूत के तीखे जवाब ने एक बार फिर भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर भारत और अमेरिकी आयोग के बीच मतभेद को चर्चा में ला दिया है।



