लखनऊ:- लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में मेस की कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर शनिवार को छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि करीब 40 हजार रुपये मेस फीस लेने के बावजूद भोजन में आए दिन कीड़े और बाल मिलने, जूठे बर्तनों में खाना परोसे जाने और रसोई में गंदगी की समस्या बनी हुई है।
छात्राओं का आरोप है कि बर्तन ठीक से नहीं धोए जाते और रसोई परिसर में कई दिनों से कचरा जमा है। मेस कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया।

मेस की शिकायत लेकर छात्राएं पहले छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अमिता कनौजिया से मिलने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि उनकी शिकायत गंभीरता से नहीं सुनी गई। इसके बाद नाराज छात्राओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर दिया।

मामले की सूचना पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी और प्रो. ओपी शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं की कुलपति से मुलाकात कराई, जहां उन्होंने मेस की कथित अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों के व्यवहार की शिकायत रखी।
छात्र नेता अभिषेक श्रीवास्तव ‘बाबू’ ने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।



