वाराणसीपूर्वांचल
Trending

उत्तर गुजरात डाक परिक्षेत्र ने अगस्त तक कमाया ₹110.85 करोड़ राजस्व, पोस्टल वारियर्स अभियान की समीक्षा  – 

 

 

वाराणसी :-  उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में मंडलाध्यक्षों एवं उपमंडलाध्यक्षों के वित्तीय वर्ष 2026-27 के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, राजस्व लक्ष्यों और व्यवसायिक वृद्धि की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

               

कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, भारतीय डाक अपने व्यापक नेटवर्क को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर सेवाओं को अधिक सरल, त्वरित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा से डिजिटल सेवा तक डाक विभाग बदलते भारत के साथ कदमताल कर रहा है।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर गुजरात डाक परिक्षेत्र का राजस्व लक्ष्य ₹349.51 करोड़ निर्धारित है। अगस्त 2026 तक परिक्षेत्र ने ₹110.85 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 55 प्रतिशत अधिक बताया गया।

डाकघरों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किए गए ‘पोस्टल वारियर्स अभियान’ की भी समीक्षा की गई। इसके तहत सिल्वर, गोल्ड, डायमंड और प्लेटिनम श्रेणियों में डाकघरों को जल्द कवर करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में डिजिटल ट्रांजैक्शन बढ़ाने, डिलीवरी मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग, स्पीड पोस्ट और पार्सल की D+0 डिलीवरी, पीएम विश्वकर्मा टूल किट की डोर-स्टेप डिलीवरी, सोशल मीडिया से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जरिए डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

वित्तीय समावेशन के तहत इस वित्तीय वर्ष में अब तक 5.10 लाख नए बचत खाते और करीब 15,700 सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए। डाक जीवन बीमा में ₹145 करोड़ और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में ₹27 करोड़ की प्रीमियम राशि जमा हुई। वहीं, करीब 1.83 लाख लोगों ने डाकघरों के माध्यम से आधार सेवाओं का लाभ उठाया।

उत्तर गुजरात में अब तक 1,346 गांव ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’, 902 गांव ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और 651 गांव ‘सम्पूर्ण बचत ग्राम’ बनाए जा चुके हैं।

बैठक के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सर्वाधिक डिजिटल ट्रांजैक्शन, डाक जीवन बीमा व ग्रामीण डाक जीवन बीमा में एक दिन में 1,029 पॉलिसी और ₹1.10 करोड़ के न्यू प्रीमियम, सर्वाधिक इंटरनेशनल मेल बुकिंग तथा एक दिन में 2,658 स्पीड पोस्ट बुकिंग जैसे प्रदर्शन शामिल रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page