
अमित चंद्रा —
लखनऊ:- लखनऊ जीआरपी चारबाग और सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 जून 2026 को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 8/9 से अपहृत 5 माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को कर्नाटक से अपने परिवार के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे दंपति प्लेटफॉर्म पर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला परिवार से घुल-मिल गई। रात में परिवार के सो जाने पर आरोपी महिला 5 माह की बच्ची को लेकर फरार हो गई।
लगातार जांच और सर्विलांस के बाद 5 जुलाई को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 8/9 के पास बाराबंकी साइड स्थित पीर मजार के निकट आरोपी चन्दा देवी (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से छोटे बच्चों का अपहरण कर उन्हें मुंबई, दिल्ली सहित अन्य शहरों में बेचने का काम करती थी।
घटना के सफल अनावरण पर पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश ने प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह सहित सर्विलांस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है। वहीं पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ ने बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।



