वाराणसीपूर्वांचल
Trending

57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में यूपी मेट्रो के उत्कृष्ट स्टॉल को मिला सम्मान –

 

 ✍️रवि शर्मा

 

 

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपी मेट्रो) ने जन भवन प्रांगण, लखनऊ में 06, 07 एवं 08 फरवरी 2026 को आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में संस्थान का उत्कृष्ट स्टॉल लगाकर सहभागिता की। प्रदर्शनी समिति द्वारा यूपी मेट्रो की नवोन्मेषी प्रस्तुति, आकर्षक पुष्प सज्जा एवं सतत पर्यावरणीय प्रयासों के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यूपी मेट्रो को पूर्व वर्षों में भी इस प्रदर्शनी में अपनी उत्कृष्ट सहभागिता, रचनात्मक हॉर्टीकल्चर डिजाइन एवं हरित पहलों के लिए लगातार सम्मान एवं सराहना मिलती रही है, जो संस्थान की निरंतर गुणवत्ता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

इससे पहले शुक्रवार (06 फरवरी 2026) को माननीया राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने यूपीएमआरसी के स्टॉल का अवलोकन किया तथा मेट्रो परियोजनाओं, हरित पहलों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

 

इस वर्ष यूपी मेट्रो के स्टॉल में मेट्रो परियोजनाओं के साथ-साथ हरित विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत ऊर्जा उपयोग से संबंधित पहलों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। पुष्पों से निर्मित भगवान गरुड़ की भव्य आकृति, यूपीएमआरसी लोगो एवं अन्य पुष्प आकृतियां प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहीं और दर्शकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनीं। गरुड़ आकृति की रचनात्मक प्रस्तुति की माननीया राज्यपाल ने विशेष रूप से सराहना की।

 

मेट्रो सोवेनियर और टॉय ट्रेन रहे आकर्षण का केंद्र –

यूपीएमआरसी का स्टॉल लखनऊ मेट्रो परियोजना की विशेषताओं के साथ-साथ शीघ्र प्रारंभ होने वाले ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर की जानकारी प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त कानपुर एवं आगरा मेट्रो परियोजनाओं में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया। स्टॉल पर उपलब्ध मेट्रो सोवेनियर आइटम्स, टॉय ट्रेन एवं अन्य सामग्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

 

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “जनभवन प्रदर्शनी में यूपी मेट्रो के स्टॉल को मिला यह सम्मान हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यूपी मेट्रो न केवल आधुनिक शहरी परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत ऊर्जा के उपयोग को भी अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा मानती है। भविष्य में भी हम इसी प्रतिबद्धता के साथ बेहतर एवं पर्यावरण-अनुकूल मेट्रो सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page