
✍️ नवीन तिवारी
वाराणसी: सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इस वर्ष 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलने वाले पूरे सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की विशेष सिफारिश या वीआईपी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे।
सावन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रशासन की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वीआईपी दर्शन के नाम पर किसी दलाल या फर्जी दावे के झांसे में न आएं। किसी भी विशेष दर्शन संबंधी अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए गेट नंबर-4, काशी द्वार मार्ग 4B, नंदू फारिया प्रवेश मार्ग, सिल्को प्रवेश मार्ग, ढुंढिराज प्रवेश मार्ग, सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग और भैरव द्वार (मंदिर घाट की ओर से) निर्धारित किए गए हैं। हालांकि गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में मंदिर घाट की ओर से प्रवेश अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
वहीं, काशीवासियों के लिए विशेष व्यवस्था करते हुए सावन के सोमवार और पर्व दिवसों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक झांकी दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जो श्रद्धालु धाम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए पूरे सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन की लाइव स्ट्रीमिंग मंदिर न्यास की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और अधिकृत प्रसारण प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी।



