लखनऊपूर्वांचल
Trending

लखनऊ मेट्रो में क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ –

 

 

 

लखनऊ:-    लखनऊ मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटिंग प्रणाली को और अधिक सरल एवं आधुनिक बनाने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब मेट्रो यात्री घर बैठे क्यूआर टिकट बुक कर मेट्रो यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार के करकमलों द्वारा क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया।

नई व्यवस्था के तहत यात्री लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप – लखनऊ मेट्रो ऑफिशियल (प्ले स्टोर और iOS प्लेटफॉर्म पर ऐप उपलब्ध), टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) तथा टिकट काउंटर के माध्यम से क्यूआर टिकट आसानी से बुक कर सकेंगे। आधिकारिक ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने पर यात्रियों को उनके मोबाइल फोन में डिजिटल रूप में क्यूआर टिकट उपलब्ध होगा, जबकि टिकट काउंटर एवं निर्धारित टिकट वेंडिंग मशीन से पेपर क्यूआर टिकट प्राप्त किया जा सकेगा। 

क्यूआर टिकट के माध्यम से यात्रा करने वाले यात्री मेट्रो स्टेशन के प्रवेश एवं निकास के दौरान पीली पट्टी से चिह्नित ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट पर क्यूआर टिकट को स्कैन कर आसानी से आवागमन कर सकेंगे। प्रवेश एवं निकास दोनों ही समय क्यूआर टिकट को पीली पट्टी वाले गेट पर स्कैन करना अनिवार्य होगा।

मेट्रो प्रशासन द्वारा सभी मेट्रो स्टेशनों पर क्यूआर सपोर्ट करने वाली नई टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गयी हैं। प्रत्येक स्टेशन पर कम से कम एक क्यूआर सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन एवं एक क्यूआर सपोर्टेड टिकट काउंटर उपलब्ध कराया गया है। 

क्यूआर सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन पर UPI द्वारा भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। अन्य टिकट वेंडिंग मशीनों से पूर्व की भांति टोकन आधारित यात्रा की सुविधा जारी रहेगी।

क्यूआर टिकट उपलब्ध कराने वाली मशीनों पर विशेष “क्यूआर सपोर्ट” स्टिकर लगाए गए हैं, जिससे यात्री इन्हें आसानी से पहचान सकें और बिना किसी असुविधा के क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली का यह शुभारंभ लखनऊ मेट्रो की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह नई व्यवस्था ‘स्मार्ट ट्रैवल’ की अवधारणा पर आधारित है, जिसके अंतर्गत अब कहीं से भी अपना टिकट बुक कर सकते हैं और अधिक तेज, सरल एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन के अनुरूप भी है, जहां आज हर सुविधा ‘वन टैप अवे’ है और डिजिटल माध्यम से सेवाएं आमजन तक सहज रूप से पहुंच रही हैं।”

 

“वन नेशन, वन कार्ड’ की परिकल्पना के अनुरूप आगामी चरण में कानपुर और आगरा की तर्ज पर लखनऊ में शीघ्र ही एनसीएमसी कार्ड की सुविधा प्रारंभ की जाएगी। इससे यात्री देश भर की उन मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे, जहां एनसीएमसी कार्ड की सुविधा उपलब्ध है।”

ये बने क्यूआर टिकट के साथ यात्रा करने वाले पहले यात्री –

लखनऊ मेट्रो में क्यूआर टिकट के साथ यात्रा करने वाले पहले यात्री वत्सल बरन बने। उन्होंने कहा कि लखनऊ मेट्रो की यह नई सुविधा यात्रियों के लिए बहुत आसान और सुविधाजनक है। घर बैठे टिकट बुक करने से समय बचेगा और यात्रा पहले से ज्यादा सरल और तेज हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page