
✍️ रवि शर्मा
लखनऊ:- लखनऊ मेट्रो ने 22 अप्रैल, 2026 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पृथ्वी संरक्षण का विशेष संदेश दिया। विश्व पृथ्वी दिवस के इस वर्ष के विषय ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य यात्रियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और मेट्रो जैसे हरित परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देना था।



*छात्रों की गतिविधियों ने आकर्षित किया यात्रियों का ध्यान*
इस अवसर पर कुंवर्स ग्लोबल स्कूल, लखनऊ के छात्रों ने विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।
• नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने प्रदूषण के दुष्प्रभाव और मेट्रो के उपयोग के लाभ को सरल तरीके से समझाया।
• कविता पाठ में विद्यार्थियों ने शहर में लखनऊ मेट्रो की भूमिका को दर्शाते हुए बताया कि कैसे मेट्रो प्रदूषण कम करने, ट्रैफिक घटाने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहायक है।
• समूह नृत्य एवं समूह गीत के जरिए ‘सेव अर्थ’ का संदेश प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कई छात्र पेड़ों की वेशभूषा में नजर आए, जिसने यात्रियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
मेट्रो यात्रा के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश –
कार्यक्रम की एक खास पहल के तहत छात्रों ने इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से हजरतगंज मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा भी की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया।



