लखनऊपूर्वांचल
Trending

लखनऊ मेट्रो के 9 साल पूरे, 15 करोड़ यात्रियों का सफर बना ऐतिहासिक उपलब्धि –

9वें मेट्रो दिवस पर उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला MD’s Medal Awards, 15 करोड़वें यात्री का हुआ सम्मान -

 

 

लखनऊ:-  उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने लखनऊ मेट्रो के परिचालन के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को 9वां मेट्रो दिवस धूमधाम से मनाया। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को MD’s Medal Awards से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लखनऊ मेट्रो के 15 करोड़वें यात्री का अभिनंदन किया गया और स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

वर्ष 2017 में शुरू हुई लखनऊ मेट्रो ने नौ वर्षों के सफर में सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के रूप में अपनी पहचान बनाई है। मेट्रो दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को भी सामने रखा गया।

 

फोटो प्रदर्शनी से हुई कार्यक्रम की शुरुआत –

कार्यक्रम की शुरुआत विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित फोटो-वॉक के दौरान फोटोग्राफरों द्वारा खींची गई तस्वीरों की प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लखनऊ की खूबसूरती, विरासत तथा मेट्रो यात्रा को कैमरे में कैद करने वाले फोटोग्राफरों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान प्रदर्शनी के क्यूरेटर भूपेंद्र अस्थाना भी मौजूद रहे। 

       

उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला MD’s Medal Awards –

समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले UPMRC कर्मचारियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।

प्रोजेक्ट श्रेणी में अमित कुमार सैनी को स्वर्ण, आनंद कुमार झा को रजत और मेहफूज अंसारी को कांस्य पदक मिला।

ऑपरेशन एवं रोलिंग स्टॉक श्रेणी में नयनी सिंह को स्वर्ण, कामिनी सिंह को रजत और सुमित कुमार को कांस्य पदक प्रदान किया गया।

मेंटेनेंस श्रेणी में कृष्ण कांत पोखरियाल को स्वर्ण, रिजबान खान को रजत और रेनू चौरसिया को कांस्य पदक मिला।

वहीं सपोर्टिंग स्टाफ श्रेणी में नवीन यादव को स्वर्ण, पूर्णा मजूमदार को रजत तथा निहाल पाठक और अश्वनी पांडेय को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा आगरा के ताजमहल (TJML) मेट्रो स्टेशन को बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।  

 

15 करोड़वें यात्री का हुआ अभिनंदन –

लखनऊ मेट्रो के 15 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार करने के अवसर पर हिमांशी कश्यप को 15 करोड़वें यात्री के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर इस उपलब्धि का हिस्सा बनने पर अभिनंदन किया गया।

इसके साथ ही नियमित और सर्वाधिक GoSmart कार्ड का इस्तेमाल करने वाले शीर्ष तीन यात्रियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अनामिका मिश्रा प्रथम, मोहम्मद मोइन-उल-हक द्वितीय और एल.पी. मौर्य तृतीय स्थान पर रहे।

‘पुष्पक से मेट्रो तक’ ने बांधा समां –

कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लखनऊ पब्लिक स्कूल (LPS) के विद्यार्थियों ने “पुष्पक से मेट्रो तक” थीम पर नाटक प्रस्तुत किया। इसमें प्राचीन काल से लेकर आधुनिक मेट्रो तक परिवहन के विकास को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पर विशेष जोर –

इस अवसर पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो के नौ वर्षों का सफल सफर कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि UPMRC ने प्रति यात्री किराया राजस्व में 30 प्रतिशत अधिक, प्रति किलोमीटर आय में 29 प्रतिशत अधिक और गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95 प्रतिशत अधिक प्रदर्शन दर्ज किया है। सिग्नलिंग विश्वसनीयता में 75 प्रतिशत अधिक प्रदर्शन और ऊर्जा दक्षता में सुधार को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि UPMRC ने नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का निर्माण निर्धारित समय से पहले पूरा किया है। अब ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य है। यह कॉरिडोर पुराने लखनऊ को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन और आसान होगा।

UPMRC के प्रबंध निदेशक ने कहा कि, लखनऊ के लोगों को सुरक्षित, विश्वसनीय, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए संस्था लगातार प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page