इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के 9 साल पूरे, डिजिटल बैंकिंग से गांव-गांव तक पहुंची वित्तीय समावेशन की नई रोशनी –
13.25 करोड़ ग्राहकों के साथ 77% ग्रामीण और 48.8% महिला खाताधारकों को मिल रहा बैंकिंग का लाभ -


दिल्ली :- अहमदाबाद / डाक विभाग के उपक्रम के रूप में स्थापित इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) ने अपने 9वें स्थापना दिवस पर डिजिटल बैंकिंग, डोरस्टेप बैंकिंग और वित्तीय समावेशन की अपनी उल्लेखनीय यात्रा को रेखांकित किया। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने केक काटकर किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आईपीपीबी ने ‘अंतिम छोर तक सेवा’ की अवधारणा को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। वर्ष 2018-19 में करीब 56 लाख ग्राहकों के साथ शुरू हुआ इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक आज देशभर में 13.25 करोड़ ग्राहकों से जुड़ चुका है। गुजरात सर्किल में 45.50 लाख आईपीपीबी खाते संचालित हैं।

ग्रामीण और महिला ग्राहकों की बड़ी भागीदारी –
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े डोरस्टेप बैंकिंग नेटवर्क के रूप में आईपीपीबी ने डाक विभाग के विशाल नेटवर्क और डिजिटल तकनीक को जोड़कर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के करोड़ों लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा है।
उन्होंने बताया कि आईपीपीबी के करीब 77 प्रतिशत खाते ग्रामीण भारत में हैं, जबकि 48.8 प्रतिशत ग्राहक महिलाएं हैं। देश की लगभग 10 प्रतिशत बैंकिंग योग्य आबादी आईपीपीबी से जुड़ी है और करीब 12 प्रतिशत डीबीटी लाभार्थी इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
डिजिटल बैंकिंग में भी आईपीपीबी लगातार आगे बढ़ रहा है। यूपीआई ऑटो-पे के क्षेत्र में यह देश में चौथे स्थान पर है, जबकि यूपीआई के माध्यम से किए जाने वाले बाह्य लेनदेन की संख्या के आधार पर देश का नौवां सबसे बड़ा बैंक है।
गुजरात में 45.50 लाख खाते –
गुजरात सर्किल के आईपीपीबी असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि गुजरात में 45.50 लाख आईपीपीबी खाते संचालित हैं। इनमें से 26 लाख खातों में आधार सीडिंग की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि आईपीपीबी का उद्देश्य समावेशी, सुलभ और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाओं को देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिक अपनी रोजमर्रा की वित्तीय जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें।

उत्तर गुजरात में घर बैठे मिल रही बैंकिंग सुविधाएं –
आईपीपीबी चीफ मैनेजर अभिजित जीभकाटे ने बताया कि उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में 9.62 लाख से अधिक आईपीपीबी खाते संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 3.13 लाख लोगों का सामान्य सुरक्षा बीमा, 7.52 लाख लोगों का घर बैठे मोबाइल अपडेशन और 83 हजार से अधिक बच्चों का सीईएलसी के तहत घर बैठे आधार नामांकन किया जा चुका है।
इसके अलावा 1.80 लाख से अधिक लोगों को 53 करोड़ रुपये का डीबीटी भुगतान किया गया है। करीब 79 हजार डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट किए जा चुके हैं।
वर्तमान में लगभग 2.18 लाख ग्राहक मोबाइल बैंकिंग और करीब 92 हजार ग्राहक वर्चुअल डेबिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन लेनदेन कर रहे हैं। वहीं, लगभग 1.25 लाख पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक ग्राहकों ने अपने खाते आईपीपीबी से लिंक किए हैं।
करीब 5.10 लाख ग्राहकों ने डीबीटी प्राप्त करने के लिए अपने आधार को आईपीपीबी खाते से जोड़ा है, जिससे उन्हें डाकिया के माध्यम से घर-द्वार पर राशि निकासी की सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक रितुल गांधी, असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजित जीभकाटे, सीनियर मैनेजर प्रियंका कुमारी सहित डाक विभाग एवं आईपीपीबी के अधिकारी-कर्मचारी और ग्राहक मौजूद रहे।



