
लखनऊ:- लखनऊ मेट्रो ने यात्री सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बार फिर प्रशंसनीय कार्य किया है। मंगलवार प्रातः बिहार से भटका एक 13 वर्षीय बच्चा लखनऊ मेट्रो के दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन पर मिला, जिसे त्वरित कार्रवाई कर संबंधित विभागों के सहयोग से सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।
घटना आज दिनांक 09.12.2025 को प्रातः लगभग 08:21 बजे की है, जब बिहार के सिवान जिले का निवासी 13 वर्षीय बच्चा अपने घर से नाराज होकर किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ ट्रेन से लखनऊ आया और दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन पर पहुंचा। अज्ञात व्यक्ति उस बच्चे को स्टेशन परिसर में लिफ्ट के पास छोड़कर चला गया।
इसके बाद मेट्रो स्टेशन पर तैनात पुलिस सुरक्षाकर्मी ने स्टेशन कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। पूछताछ के दौरान बच्चे के बैग से मिले डायरी में मौजूद पते एवं संपर्क विवरण के आधार पर उसके माता-पिता से संपर्क किया गया।
उधर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन कंट्रोलर ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन एवं स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस आरक्षी थाना नाका, लखनऊ, कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर को प्रातः 10:14 बजे बच्चे को सुरक्षित अवस्था में सौंप दिया गया।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने इस घटना में मेट्रो कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा, “यूपीएमआरसी यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। इस घटना में मेट्रो कर्मियों की सतर्कता, संवेदनशीलता एवं तत्परता अत्यंत प्रशंसनीय रही।



