उत्तराखंड
Trending

देवाल-घेस मोटरमार्ग पर दर्दनाक हादसा, चार लोगों की मौत, तीन घायल, रेस्क्यू अभियान जारी –

 

 

उत्तराखंड :- थराली/चमोली, गुरुवार। चमोली जिले के थराली क्षेत्र अंतर्गत देवाल-कुनार-घेस मोटरमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुनार के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे कैल नदी में जा समाया। हादसे में अब तक चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं दो अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरकर नदी में जा पहुंचा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सामाजिक कार्यकर्ता महावीर बिष्ट ने बताया कि “दुर्घटना के दौरान एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि दोनों को चोटें आई हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहायता से कुल तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद देवाल अस्पताल भेजा गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी से अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस, प्रशासन तथा बचाव दलों की संयुक्त टीम नदी किनारे लगातार खोजबीन कर रही है।

इस संबंध में जिला अधिकारी ने एक्जीक्यूटिव एडिटर प्रकाश मेहरा से दूरभाष पर बातचीत में बताया कि “दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हैं और दो अन्य अभी लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच रही हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जिन लोगों ने वाहन को खाई में गिरते हुए देखा था, उनकी निशानदेही पर नदी किनारे व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को नदी से बाहर निकाला गया तथा घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page