वाराणसीपूर्वांचल
Trending

काशी अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की पहल: निशुल्क सिलाई व कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शुरू, 500+ छात्राओं को मिलेगा रोजगार का अवसर –

 

 

वाराणसी:- काशी अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट का निशुल्क सिलाई और कंप्यूटर केंद्र शुरू, 500 से अधिक छात्राओं को मिलेगा रोजगार का अवसर – 

काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट, अन्नपूर्णा मंदिर की तरफ से गीता मंदिर स्थित निशुल्क सिलाई केंद्र और कंप्यूटर केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को स्वावलंबी बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। ट्रस्ट के अनुसार लगभग पांच-छह सौ बच्चियां यहां सिलाई-बुनाई-कढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर की शिक्षा ग्रहण करेंगी। कक्षाएं सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कई बैचों में संचालित होंगी। यह पूरी सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। किसी भी विद्यार्थी से किसी प्रकार का शुल्क या आर्थिक योगदान नहीं लिया जाता।

अभ्यर्थियों का चयन पहले ही कर लिया गया है। सिलाई के लिए एक साल और कंप्यूटर के लिए छह महीने का कोर्स निर्धारित किया गया है। कोर्स पूरा करने के बाद सिलाई सीखने वाली छात्राओं को निशुल्क सिलाई मशीन दी जाएगी। वहीं कंप्यूटर में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि शिक्षित होने के बाद उपकरण भी निशुल्क दिए जाते हैं, ताकि छात्राओं को मशीन खरीदने की परेशानी न उठानी पड़े।

 

मंदिर के महंत शंकर पुरी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जो भी छात्राएं यहां आएंगी उन्हें भरपूर लाभ मिलेगा। उन्हें नई दिशा और नए संस्कार भी मिलेंगे। यहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी सिखाए जाते हैं। सिलाई-बुनाई-कढ़ाई सीखकर वे अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी और अपने परिवार का भरण-पोषण आसानी से कर सकेंगी। कंप्यूटर की शिक्षा से उन्हें नौकरी के अवसर भी मिलेंगे। वे अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकती हैं और दूसरों को भी रोजगार दे सकती हैं।”

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि, ट्रस्ट के इस कदम से क्षेत्र की छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का बड़ा अवसर मिलेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष सीहोर, मध्य प्रदेश प्रेम नारायण मीना उपस्थित रहे। इसके अलावा एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी के. जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, राजीव मिश्रा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page