सोनभद्र
Trending

रॉबर्ट्सगंज आरओबी निर्माण के बीच बड़ी राहत, प्रशासन ने शुरू कराया वैकल्पिक मार्ग का निर्माण – 

स्कूली बच्चों, मरीजों और स्थानीय नागरिकों को मिलेगी राहत, हल्के वाहन व एंबुलेंस का आवागमन होगा सुगम -

 

 

सोनभद्र:–  रॉबर्ट्सगंज रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य के चलते आम लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग का निर्माण शुरू करा दिया है। इस मार्ग के तैयार होने के बाद राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


आरओबी निर्माण से उत्पन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक तीरथराज, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी तथा समाजसेवी रवि प्रकाश चौबे ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समाधान की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार अमित सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी सविता सरोज, पुलिस बल और आरओबी निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने दो दिनों तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। स्थानीय लोगों के सहयोग के बाद वैकल्पिक मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया।


तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि, आरओबी निर्माण कंपनी सड़क के मध्य लगभग 8 मीटर चौड़ाई में निर्माण करेगी। आम लोगों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों किनारों पर नाली छोड़ते हुए लगभग 3-3 फीट चौड़ा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। इस मार्ग से दोपहिया वाहन, हल्के वाहन और एंबुलेंस का आवागमन संभव होगा, जबकि भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को पूर्व निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करना होगा।
स्थानीय निवासी बिमलेश कुमार चौबे ने बताया कि, आरओबी निर्माण के चलते पिछले कई दिनों से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बच्चों को स्कूल पहुंचाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कतें हो रही थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैकल्पिक मार्ग जल्द तैयार होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


प्रशासन का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, जिससे एक ओर आरओबी निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रहेगा और दूसरी ओर आम जनता का आवागमन भी सुचारु बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page