
रवि शर्मा –
लखनऊ :– उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के शासकीय आवास 8 कालिदास मार्ग पर आपातकाल के 51 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘संविधान हत्या दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 1975 में देश पर थोपे गए काले आपातकाल का कड़ा विरोध करने वाले सजग नागरिकों और लोकतंत्र सेनानियों के अदम्य साहस को याद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) श्री पवन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल बाजपेयी उपस्थित रहे।

इस सम्मान समारोह में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले प्रमुख लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रबुद्ध राष्ट्रभक्तों में राजेंद्र तिवारी, विश्राम सागर सिंह, गणेश राय, जयदेव पाहवा, शरद मालवीय, राकेश निगम, अजय कुमार शर्मा, वीणा वर्मा, हरी श्याम रस्तोगी, मधुकर मिश्रा, विपिन बख्शी, अजीत सिंह, संतोष बाजपेयी, दिनेश अग्निहोत्री, दिनेश प्रताप सिंह तथा दिलीप दास शामिल रहे।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने आपातकाल के दौर के क्रूर अनुभवों और नागरिक अधिकारों के हनन की चर्चा करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को उस दौर के संघर्षों से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया।



