
प्रयागराज:- पौष पूर्णिमा से प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर तीन जनवरी से माघ मेले का आयोजन होगा,जो 15 फरवरी तक चलेगा।पहले दिन स्नानार्थियों की भारी भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने सुगम यातायात के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।वहीं मेला क्षेत्र और संगम नोज तक आवागमन के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है। पांटून पुलों पर आवागमन की एकल मार्ग की व्यवस्था है।
आज शाम से नो- व्हीकल जोन –
कल शुक्रवार शाम आठ बजे से मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन हो जाएगा।एंबुलेंस और आपातकालीन वाहन को छूट रहेगी। परेड से झूंसी की तरफ जाने के लिए स्नानार्थी पांटून पुल संख्या तीन,पांच और सात का प्रयोग करेंगे।झूंसी से परेड की तरफ आने के लिए पांटून पुल संख्या चार और छह का प्रयोग करेंगे।विपरीत दिशा में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। पांटून पुल एक और दो को रिजर्व रखा गया है। संगम नोज पर वाहन पार्किंग की छूट नहीं रहेगी। स्नानार्थियों से मेला क्षेत्र में निर्धारित मार्ग से आवागमन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ी करने की अपील की गई है।
परेड क्षेत्र:-
प्लाट नंबर 17 पार्किंग:स्नानार्थी पैदल काली मार्ग द्वारा अपर संगम मार्ग से संगम स्नान घाट,हनुमान घाट और रामघाट पर जा सकेंगे।स्नान के उपरांत अक्षयवट मार्ग खडंजा वापसी मार्ग होकर त्रिवेणी मार्ग होते हुए पार्किंग तक जा सकेंगे।
गल्ला मंडी पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल काली मार्ग से मोरी रैम्प, किलाघाट मार्ग पहुंचकर काली उत्तरी घाट,मोरी घाट,शिवाला घाट और दशश्वामेध घाट जा सकेंगे। स्नानार्थी गंगामूर्ति चौराहा से ओल्ड जीटी रोड थाना दारागंज के सामने से अथवा रिवरफ्रंट मार्ग से अपने पार्किंग स्थल पर वापस लौटेंगे।
नागवासुकि पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल रिवर फ्रंट मार्ग या संबंधित मार्ग द्वारा नागवासुकि स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत संबंधित मार्गों व रिवर फ्रंट मार्ग से होते हुए पार्किंग वापस लौटेंगे।
झूंसी क्षेत्र-
ओल्ड जीटी कछार पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल नागवासुकि मार्ग से पांटून पुल संख्या चार और पांच पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। ओल्ड जीटी मार्ग से कछार पार्किंग पर वापसी करेंगे।
टीकरमाफी महुआबाग पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल जीटी रोड, टीकरमाफी से त्रिवेणी मार्ग होते हुए पांटून पुल संख्या दो और तीन पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। काली मार्ग से टीकरमाफी, जीटी रोड होते हुए महुआबाग पार्किंग या अन्य पार्किंग पर वापस आएंगे।
सोहम आश्रम पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल रिवर फ्रंट झूसी मार्ग होते हुए अक्षयवट मार्ग से पांटून पुल संख्या एक के दक्षिणी (ऐरावत स्नान घाट) स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत महावीर मार्ग होते हुए रिवर फ्रंट झूसी मार्ग पर पहुंचकर समुद्रकूप मार्ग अथवा रिवर फ्रंट झूसी मार्ग से सोहम आश्रम पार्किंग पहुंचेंगे।
अरैल क्षेत्र –
देवरख कछार पार्किंग: स्नानार्थी पैदल सोमेश्वर महादेव रैंप मार्ग से सोमेश्वर महादेव स्नान घाट पर जा सकेंगे। उसी मार्ग से देवरख कछार पार्किंग अथवा संबंधित पार्किंग में वापस जाएंगे।
गंजिया पार्किंग:-
स्नानार्थी पैदल अरैल घाट मार्ग से फलाहारीबाबा आश्रम के सामने से अरैल बांध रोड पहुंचकर रैंप से अरैल घाट, चक्रमाधव घाट और अन्य स्नान घाटों पर स्नान करेंगे। रैंप से होते हुए अरैल बांध रोड से सच्चाबाबा आश्रम, सूरियाबीर तिराहा से गजिया पार्किंग में पहुंचेंगे।
नवप्रयागम पार्किंग: –
स्नानार्थी पैदल नवप्रयागम अप्रोच मार्ग से अरैल बांध रोड पर पहुंच रैंप से अरैल घाट, चक्रमाधव घाट और अन्य स्नान घाटों पर जा सकेंगे। रैंप से संकट मोचन मार्ग पर पहुंचकर नवप्रयागम पार्किंग में वापस जाएंगे।*



