नगर पंचायत अध्यक्ष सपा छोड़ भाजपा मे शामिल

बांदा। सपा समर्थित नरैनी नगर पंचायत अध्यक्ष मूलचंद सोनकर व प्रतिनिधि हरिश्चंद्र सोनकर ने सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। इससे जिले में सपा को झटका लगा है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय मे उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने की औपचारिकता पूरी कराई। बीते 11 मार्च 2023 को नगर पंचायत के चुनाव में सपा के समर्थन पर भाजपा की नीलम वर्मा को 1 हजार से अधिक वोटों से पराजित कर नगर पंचायत में दबदबा बनाया था। नगर पंचायत क्षेत्र के लोग शुरुआत से ही कह रहे थे कि यह जीत सपा की नहीं अध्यक्ष के कार्य व्यवहार की जीत है। तभी से नगर पंचायत की जनता दल बदलने का कयास लगा रही थी। लोगों को इस दिन का इंतजार था कि ऐसा दिन कब आएगा जब नगर पंचायत अध्यक्ष भाजपा का दामन थामेंगे। आखिरकार भाजपा की स्थापना दिवस पर नगर पंचायत अध्यक्ष मूलचंद सोनकर व उनके प्रतिनिधि हरिश्चंद्र सोनकर को फोन के जरिए भाजपा प्रदेश कार्यालय से जानकारी मिली कि उन्हे भाजपा की सदस्यता प्रदेश कार्यालय मे दिलाई जाएगी। तत्काल दोनो लखनऊ पहुंचे और भाजपा के प्रदेश कार्यालय में नगर पंचायत नरैनी के अध्यक्ष व उनके प्रतिनिधि को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मंच पर सदस्यता ग्रहण कराई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा है कि सपा समर्थित 200 लोगों को भाजपा की सदस्यता बांदा कार्यालय में दिलाई जाएगी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कांता कदम ने भी दोनो को आशीर्वाद दिया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय के बाहर नरैनी के स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।