
लखनऊ:- लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ की 35वीं पुण्यतिथि पर रविवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित छात्रसंघ भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व एवं वर्तमान छात्रनेताओं, वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षों को याद किया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व छात्रसंघ महामंत्री अनिल सिंह ‘बीरू’ ने किया, जबकि संचालन वरिष्ठ छात्रनेता अंशू अवस्थी ने किया। सभा में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग प्रमुखता से उठी।
पूर्व छात्रनेता चचा अमीर हैदर ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि छात्रहितों के लिए संघर्ष करने की भावना आज भी उनके भीतर जीवित है। वहीं, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने कहा कि छात्र राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था की नर्सरी है। छात्रसंघ चुनाव बंद होने से लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और राजनीति में जनसेवा करने वाले नेताओं के बजाय डीलरों का प्रभाव बढ़ रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता एवं वरिष्ठ छात्रनेता अंशू अवस्थी ने कहा कि ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ ने अपना पूरा जीवन छात्रहितों के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाल होने चाहिए, क्योंकि छात्रों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए उनके अपने निर्वाचित प्रतिनिधि होना जरूरी है।
कार्यक्रम आयोजक अनिल सिंह ‘बीरू’ ने ज्ञानू के संघर्ष और प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के छात्रहितों के लिए आंदोलन किए और कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ हबीबुल्लाह छात्रावास के अंतःवासी रहे थे और वर्ष 1990 में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। छात्रहितों के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया था।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रमोद तिवारी, बजरंगी सिंह ‘बज्जू’, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व छात्रनेता एवं जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पूर्व और वर्तमान छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्रसंघ समन्वयक प्रो. महेंद्र अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद हबीबुल्लाह छात्रावास के पूर्व अंतःवासी राजेश प्रताप सिंह के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।



