वाराणसीपूर्वांचल

कृष्ण कुमार यादव बने गुजरात के प्रथम पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स), डाक सेवाओं को मिलेगी नई गति —

 

 

 

वाराणसी :-  भारतीय डाक सेवा, वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने 1 नवंबर, 2026 से नवसृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स), गुजरात परिमंडल का पदभार ग्रहण कर लिया। पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) का फोकस मेल्स, पार्सल एवं इंटरनेशनल मेल्स पर होगा, तदनुसार उनके अधीन गुजरात में स्थित सभी रेलवे मेल सर्विस ऑफिस, फॉरेन पोस्ट ऑफिस और ट्रांसपोर्ट सेवाओं के साथ मेल मोटर सर्विस संचालित होंगे। नव सृजित पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय स्पीड पोस्ट भवन, शाही बाग,अहमदाबाद में संचालित होगा। कृष्ण कुमार यादव उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल के अतिरिक्त पोस्टमास्टर (लॉजिस्टिक्स) का पद भी अब संभालेंगे। इस अवसर पर प्रवर रेलवे डाक अधीक्षक पियूष रजक, सहायक निदेशक (लॉजिस्टिक्स) महेश हरन, सहायक निदेशक (मेल्स, पार्सल एवं इंटरनेशनल मेल्स) डी एच तपस्वी सहित तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों ने यादव का स्वागत किया।

   

 

इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने लॉजिस्टिक्स रीजन के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर नई जिम्मेदारियों, परिचालन व्यवस्था तथा भावी कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने लॉजिस्टिक्स सेवाओं के सुचारु संचालन, मेल एवं पार्सल के समयबद्ध प्रसंस्करण और परिवहन व्यवस्था में समन्वय को प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने अधिकारियों को बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा ग्राहकों को बेहतर एवं विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

 

   

गौरतलब है कि भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत 22 जुलाई, 2003 को गुजरात में सूरत मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर के रूप में की थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने सूरत, लखनऊ, कानपुर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, प्रयागराज, जोधपुर एवं वाराणसी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पद पर कार्यरत श्री कृष्ण कुमार यादव को ‘ब्यूरोक्रेट्स ऑफ़ इण्डिया’ द्वारा हाल ही में ‘टॉप 25 चेंज मेकर्स ऑफ़ 2025’ में भी चयनित किया गया है। विविध भौगोलिक क्षेत्रों एवं प्रशासनिक इकाइयों में उनके व्यापक अनुभव से गुजरात में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।

 

इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक कश्यप रॉय, रिजवान शेख, आर टी परमार, जगदीश जीड, पराग वासनिक, एस एन घोरी, डाक निरीक्षक दक्षेश चौहान, वी के प्रजापति, आसीत कुमार, मयंक मीना, योगेन्द्र राठोड, हेड रेकर्ड ऑफिसर एच जे मन्सूरी, पोस्टमास्टर फोरेन पोस्ट ऑफिस हेतलबेन भट्ट सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page