
लखनऊ:- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभभाई पटेल और समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों महान विभूतियों के चित्रों एवं प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री राज बहादुर ने की।

कार्यक्रम के दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें गीता, कुरान, बाइबिल और गुरुवाणी का पाठ हुआ। धर्मगुरुओं ने देश में अमन-चैन, कौमी एकता, सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए प्रार्थना की। कांग्रेसजनों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

वहीं, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में मुख्यालय पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने शिविर में रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। इसमें कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया।

डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि देश के महापुरुषों ने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनकी स्मृति में रक्तदान कर जरूरतमंदों का जीवन बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस सेवादल देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
पूर्व मंत्री राज बहादुर ने कहा कि इंदिरा गांधी, सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव का राष्ट्र निर्माण में योगदान सदैव याद किया जाएगा। वहीं, काशी विद्यापीठ के पूर्व आचार्य प्रो. सतीश राय ने इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक फैसलों और सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में योगदान को याद किया। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में इंदिरा गांधी की भूमिका का उल्लेख किया।
कांग्रेस के डेटा एनालिटिक विभाग के समन्वयक प्रो. विनोद चंद्रा ने भी इंदिरा गांधी और आचार्य नरेंद्र देव के विचारों एवं योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन बृजेन्द्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेस के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



