पूर्वांचलवाराणसी

गुजरात में डाक विभाग का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल का शुभारंभ —

अहमदाबाद:- भारतीय डाक विभाग ने डाक सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए गुजरात सर्किल में व्यापक पुनर्गठन किया है। इसी क्रम में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने नवसृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल और पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उत्तर गुजरात परिक्षेत्र अब गुजरात सर्किल का सबसे बड़ा डाक परिक्षेत्र बन गया है। इसमें भावनगर और सुरेंद्रनगर डाक मंडलों को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में डाक मंडलों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

डाक विभाग के प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत गुजरात में पांच नए डाक मंडल अहमदाबाद हेरिटेज सिटी, अहमदाबाद उत्कर्ष, दाहोद, सूरत (पूर्वी) और गांधीधाम बनाए गए हैं। इसके अलावा अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट और सूरत में नए पोस्टल रीजन की व्यवस्था की गई है। पुनर्गठन की नई व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से लागू होगी।

कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि अहमदाबाद जिले में अब तीन डाक मंडल अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी और अहमदाबाद उत्कर्ष कार्य करेंगे। इनके मुख्यालय क्रमशः नवरंगपुरा प्रधान डाकघर, अहमदाबाद जीपीओ और धोलका डाकघर परिसर में होंगे। अहमदाबाद हेरिटेज सिटी मंडल से शहर के पूर्वी हिस्से की डाक व्यवस्था संचालित होगी, जबकि अहमदाबाद उत्कर्ष मंडल के अंतर्गत साणंद, विरमगाम, मांडल, धोलका, बावला, धंधुका और धोलेरा तालुका की डाक सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

वहीं, स्पीड पोस्ट भवन, शाहीबाग में पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का भी शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय के माध्यम से मेल, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अधीन गुजरात के रेलवे मेल सर्विस कार्यालय, फॉरेन पोस्ट ऑफिस, परिवहन सेवाएं और मेल मोटर सर्विस संचालित होंगी।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि प्रशासनिक पुनर्गठन का उद्देश्य डाक सेवाओं को अधिक आधुनिक, ग्राहक-केंद्रित और तकनीक आधारित बनाना है। इससे प्रशासनिक समन्वय, निगरानी, कार्यकुशलता और राजस्व वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सीनियर पोस्टमास्टर वारिस वहोरा सहित डाक विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button