पूर्वांचललखनऊ

दिल्ली महारैली में यूपी कांग्रेस की बड़ी भागीदारी का दावा, आराधना मिश्रा बोलीं- एक लाख लोग होंगे शामिल –

लखनऊ :- दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तर प्रदेश से करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक दिल्ली पहुंच रहे हैं। अब तक करीब 10 हजार लोग दिल्ली स्थित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के कैंप कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।

आराधना मिश्रा ने कहा कि महारैली में उत्तर प्रदेश की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला, शहर, ब्लॉक और प्रदेश स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार लोगों को दिल्ली पहुंचाने में जुटे हैं। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात कही।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी, प्रबुद्ध वर्ग और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की भी महारैली में भागीदारी होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मतदान के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

आराधना मिश्रा ने कहा कि रामलीला मैदान से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली मौजूदा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button