लखनऊपूर्वांचल
Trending

लखनऊ में चेन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, दो अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार —

 

 

लखनऊ:-  राजधानी में लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी उत्तरी और डीसीपी पूर्वी की SWAT/सर्विलांस टीम तथा थाना अलीगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू और ब्रजेश्वर अग्निहोत्री उर्फ वासु को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 6 और 7 अगस्त 2026 को गाजीपुर, विकासनगर, अलीगंज और गुडंबा थाना क्षेत्रों में लगातार चार चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं। घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक/तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। संदिग्ध वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची, जहां दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

चार वारदातों को दिया अंजाम  – 

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि चार लोग पूर्व नियोजित योजना के तहत 5 अगस्त को दिल्ली से लखनऊ आए थे और होटल में रुके थे। इसके बाद 6 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे गाजीपुर क्षेत्र में पहली चेन स्नैचिंग की गई।

इसके बाद 7 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे विकासनगर, 6 बजे अलीगंज के संगम चौराहे और 6:40 बजे गुडंबा क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया गया।

वारदात के बाद आरोपी कुकरैल के पास एकत्र हुए और वहां से तीन आरोपी चार पहिया वाहन से दिल्ली चले गए, जबकि एक आरोपी मोटरसाइकिल से कन्नौज चला गया।

लूट के पैसों से खरीदा वाहन   –

पुलिस के अनुसार, स्नैचिंग की गई चेन को बेचने से ₹1.35 लाख मिले थे। इसी रकम से चार पहिया वाहन खरीदने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान EULER TOURBOEV 1000 वाहन बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार (DL8CAJ4050) भी बरामद की गई है।

दो आरोपी अभी फरार  – 

पुलिस ने बताया कि मामले में अभिषेक वाल्मीकि और देव गुप्ता अभी वांछित हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, देव गुप्ता को हरियाणा के करनाल में दर्ज एक अन्य मुकदमे में 31 अगस्त को जेल भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं ब्रजेश्वर अग्निहोत्री के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के सफल अनावरण पर डीसीपी उत्तरी की ओर से पुलिस टीम को ₹25 हजार का नकद पुरस्कार भी दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page