राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा अधिकारियों को किया गया सम्मानित

बांदा आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, अजीत कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की मण्डलीय भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अरविंद कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, समस्त संयुक्त निदेशक, मण्डल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक तथा यूनिसेफ, यूएनडीपी एवं यूपी-टीएसयू के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित “बेस्ट मेडिकल ऑफिसर-इन-चार्ज ऑफ द मंथ” कार्यक्रम के अंतर्गत 01 अप्रैल से 15 जुलाई तक के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर जनपद बाँदा के तिंदवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेन्द्र विश्वकर्मा रहे। द्वितीय स्थान जनपद हमीरपुर के मुस्करा ब्लॉक, तृतीय स्थान जनपद महोबा के पनवाड़ी ब्लॉक तथा चतुर्थ स्थान जनपद चित्रकूट के पहाड़ी ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने प्राप्त किया।
समीक्षा के दौरान 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं, एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, शव वाहन, ब्लड बैंक, बीसीएसयू, MedLeaPR पोर्टल, फायर एनओसी, ऑक्सीजन प्लांट, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान, एनटीईपी, डीवीडीएमएस पोर्टल, जननी सुरक्षा योजना भुगतान एवं ब्लॉक रैंकिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की वित्तीय प्रगति, ई-संजीवनी, एनसीडी पोर्टल, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, गुणवत्ता आश्वासन, नवजात शिशु देखभाल, आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति का भी गहन मूल्यांकन किया गया।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि समस्त आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान प्रत्येक माह की 05 तारीख तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। संस्थागत प्रसव के उपरांत निर्धारित अवधि पूर्ण होने के पश्चात ही महिलाओं का डिस्चार्ज किया जाए तथा जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में किसी प्रकार की विलम्बता न रहे। वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक लक्ष्यों को मासिक लक्ष्यों में विभाजित कर उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयु की समस्त पात्र जनसंख्या का ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण कराते हुए उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। संदिग्ध रोगियों को समय से चिकित्सकों के पास संदर्भित कर उनकी जांच, उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य की समीक्षा प्रत्येक माह जिला स्वास्थ्य समिति एवं ब्लॉक स्तर पर की जाए।
आयुक्त ने समस्त जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों में आवश्यक औषधियों एवं ईडीएल के अनुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ड्यूटी रोस्टर का नियमित सत्यापन कराने, स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था बनाए रखने तथा जन औषधि केन्द्रों में औषधियों का मानक के अनुरूप भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध दवाओं एवं जांच सुविधाओं की सूची प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई में प्रदर्शित करने के भी निर्देश प्रदान किए।
बैठक में ग्राम स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता दिवस तथा ई-संजीवनी सेवाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष बल दिया गया। आयुक्त ने मण्डल एवं जनपद स्तर के अधिकारियों को अधिकाधिक निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं में विद्यमान कमियों को गंभीरता से दूर करने तथा कमजोर प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



