लखनऊपूर्वांचल

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लखनऊ मेट्रो की अनूठी पहल –

हजरतगंज स्टेशन पर भागदौड़ भरी लाइफ के बीच यात्रियों ने चुनी मानसिक शांति -

 

 

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के अंतर्गत लखनऊ मेट्रो में दो बड़े योगाभ्यास सत्र आयोजित किए। दोनों स्थानों पर अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में लोगों ने योगासन और ध्यान का अभ्यास किया।

ट्रांसपोर्ट नगर डिपो में मुख्य आयोजन –

मुख्य कार्यक्रम ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो डिपो में आयोजित हुआ, जिसमें MD, UPMRC श्री सुशील कुमार समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों, तकनीकी और प्रशासनिक स्टाफ ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया। यहाँ विशेष रूप से आमंत्रित योग गुरुओं के निर्देशन में विभिन्न आसनों का अभ्यास किया गया, जिसका उद्देश्य कार्यस्थल पर कर्मचारियों की कार्यकुशलता और ऊर्जा को बढ़ाना था।

 

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की अनूठी सहभागिता –

आम जनता और यात्रियों को जोड़ने के लिए शहर के सबसे व्यस्त हज़रतगंज मेट्रो स्टेशन पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। रविवार की सुबह यात्रा पर निकले दर्जनों यात्रियों ने ट्रेन पकड़ने से पहले कुछ समय निकालकर इस शिविर में हिस्सा लिया। मेट्रो सफर की भागदौड़ के बीच यात्रियों को तनावमुक्त रखने, प्राणायाम की सही विधि सिखाने और इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु’ के प्रति जागरूक करने के लिए यह पहल बेहद सरहानीय रही।

लखनऊ के साथ-साथ आगरा और कानपुर मेट्रो परिसरों में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर ‘स्वस्थ आयु’ का संदेश दिया।।

 

योग यूपी मेट्रो की स्थायी परंपरा –

यूपीएमआरसी में पिछले कई वर्षों से नए चयनित होने वाले सभी कर्मियों के 3 महीने के अनिवार्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में दैनिक योग सत्र को शामिल किया गया है, ताकि कर्मचारी मानसिक और शारीरिक रूप से सदैव चुस्त-दुरुस्त रहें।

 

योग के महत्व पर प्रबंध निदेशक का संदेश –

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक – सुशील कुमार ने कहा, “मेट्रो जैसे कठिन कार्यक्षेत्र में दैनिक मानसिक तनाव को प्रबंधित करने और कार्यकुशलता बनाए रखने में योग एक अचूक माध्यम है। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रेखांकित करती है कि नियमित योगासन और प्राणायाम बढ़ती उम्र में भी शरीर की गतिशीलता, मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा को बनाए रखते हैं। शारीरिक और मानसिक संतुलन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को अवश्य शामिल करना चाहिए।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page