कालिंजर दुर्ग के नीलकंठ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया सोमनाथ पर्व

बांदा कालिंजर दुर्ग स्थित नीलकंठ मंदिर में सोमनाथ पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन एवं पर्यटन सांस्कृतिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान नीलकंठ महादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नीलकंठ महादेव के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। पूजन में नरैनी क्षेत्र के खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान दयाराम सोनकर एवं ग्राम पंचायत सचिव लवकुश कुमार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ भक्ति रस में डूबकर सहभागिता निभाई। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कालिंजर का नीलकंठ धाम धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की धार्मिक पहचान मजबूत होती है तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीण, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



