लखनऊपूर्वांचल
Trending

आईसीएसएसआर प्रायोजित “स्त्री-सक्षम” परियोजना के अंतर्गत महिलाओं की डिजिटल एवं साइबर जागरूकता हेतु मोबाइल ऐप लॉन्च  — 

 

 

लखनऊ:-      आईसीएसएसआर प्रायोजित शोध परियोजना “स्त्री-सक्षम : हिमाचल प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में साइबर जागरूकता के माध्यम से डिजिटल विभाजन को कम कर महिलाओं को सशक्त बनाना” के अंतर्गत आज “स्त्री सक्षम” मोबाइल ऐप का औपचारिक शुभारम्भ Google Play Store पर किया गया।  

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.mukul.strisaksham

यह परियोजना भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर), नई दिल्ली द्वारा  प्रोफेसर रोली मिश्रा, लखनऊ विश्वविद्यालय तथा  डॉ. निष्ठा हुडा, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना हिमाचल प्रदेश को प्रदान की गई है।

“स्त्री सक्षम” मोबाइल ऐप महिलाओं में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा सुरक्षित डिजिटल उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह पहल महिलाओं को डिजिटल बहिष्करण, साइबर असुरक्षा और तकनीकी संसाधनों तक असमान पहुँच जैसी चुनौतियों से उबारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

यह शोध परियोजना भारत के दो भिन्न सामाजिक – शैक्षिक परिदृश्यों वाले राज्यों  — हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में महिलाओं के बीच डिजिटल तकनीक के प्रति जागरूकता, पहुँच और उपयोग में विद्यमान लैंगिक असमानताओं का तुलनात्मक अध्ययन करेगी। अध्ययन के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्ग की शहरी एवं ग्रामीण महिलाओं के बीच प्रश्नावली आधारित सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए लखनऊ, कानपुर नगर, नोएडा, शिमला, हमीरपुर तथा ऊना को अध्ययन क्षेत्र के रूप में चयनित किया गया है। 

         

परियोजना का उद्देश्य महिलाओं के डिजिटल बहिष्करण के पीछे मौजूद शैक्षिक एवं गैर-शैक्षिक अवरोधों का विश्लेषण करना है। इसके अंतर्गत पारिवारिक सहयोग, शिक्षा स्तर, आर्थिक स्वायत्तता तथा सामाजिक मान्यताओं जैसे कारकों का अध्ययन मशीन लर्निंग एवं उन्नत विश्लेषणात्मक तकनीकों की सहायता से किया जाएगा, ताकि महिलाओं के डिजिटल हाशियाकरण के वास्तविक कारणों को समझा जा सके।

इसके अतिरिक्त, परियोजना वर्तमान साइबर जागरूकता कार्यक्रमों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करेगी तथा महिलाओं के लिए स्थानीय भाषाओं में लैंगिक संवेदनशील डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करेगी। परियोजना का उद्देश्य ऐसा समावेशी एवं विस्तारणीय मॉडल तैयार करना है, जिसे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जा सके।

परियोजना निदेशकों ने इस अवसर पर कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण आज के समय में समावेशी विकास की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। “स्त्री सक्षम” ऐप का शुभारम्भ महिलाओं को सुरक्षित डिजिटल उपयोग, साइबर जागरूकता तथा डिजिटल अवसरों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

यह परियोजना भारत सरकार की ‘Digital India’ पहल तथा ‘Viksit Bharat 2047’ के विज़न के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक एक समावेशी, तकनीकी रूप से सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page