
✍️रवि शर्मा
लखनऊ:- राष्ट्रीय बालिका दिवस’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर वंचित वर्ग की बालिकाओं के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में ‘बालिका शिक्षा’ के विषय पर एक प्रभावशाली नाटक और उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।

लखनऊ मेट्रो के सहयोग से नवचेतना एकेडमी से जुड़ीं वंचित वर्ग की बालिकाओं ने स्टेशन परिसर में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मकता का सराहनीय प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के उपरांत बालिकाओं को विशेष मेट्रो यात्रा कराई गई, जिससे उनमें सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूकता एवं उत्साह देखने को मिला। लखनऊ मेट्रो की भव्यता को अब तक केवल दूर से देखने वाले ये बालिकाएं इसे करीब से देखकर और इसमें सफर करके काफी रोमांचित नजर आईं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय बालिका दिवस प्रतिवर्ष 24 जनवरी को मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत वर्ष 2008 में भारत सरकार द्वारा की गई थी, जिसका उद्देश्य समाज में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



