
लखनऊ:– लखीमपुर पर्यटन विभाग ने दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में भ्रमण करने आने वाले पर्यटकों के लिए एक रात दो दिन के पांच पैकेज घोषित किए हैं। इनमें दुधवा बजट पैकेज, स्टैंडर्ड जंगल सफारी पैकेज, प्रीमियम वाइल्ड लाइफ अनुभव, स्कूल-कॉलेज समूह पैकेज और चार पर्यटकों वाला पैकेज शामिल है।

दुधवा बजट पैकेज आठ पर्यटकों के लिए तैयार किया गया है। लखनऊ स्थित गोमती होटल से टेम्पो ट्रैवलर से सफर की शुरुआत होगी। प्रति व्यक्ति किराया 6,175 रुपये होगा। दंपति के साथ पांच वर्ष आयु तक के बच्चे निशुल्क सफर कर सकते हैं।
इसी प्रकार स्टैंडर्ड जंगल सफारी पैकेज में चार यात्रियों का दल कार से गोमती होटल से दुधवा के लिए रवाना होगा। एक रात और दो दिन वाले पैकेज में प्रति व्यक्ति किराया 6,500 रुपये होगा।
प्रीमियम वाइल्ड लाइफ अनुभव वाला तीसरा पैकेज छह पर्यटकों के लिए तैयार किया गया है। इसके लिए प्रति व्यक्ति किराया छह हजार रुपये देने होंगे।
वहीं स्कूल-कॉलेज समूह पैकेज के तहत टेम्पो ट्रैवलर से सफर के दौरान दो शिक्षक और एक स्टाफ साथ रहेंगे। इस पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति 4,751 रुपये (पांच प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त) भुगतान करना होगा। इस समूह में कम से कम 20 विद्यार्थी होंगे।
इसके अलावा दुधवा बजट पैकेज में कम से कम चार पर्यटक होंगे, जिसमें किराया प्रति व्यक्ति 4,950 रुपये तय किया गया है।
इन पैकेजों की विस्तृत जानकारी www.upstdc.co.in से ली जा सकती है। सभी पैकेजों में पांच प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देय होगा।



