लखनऊपूर्वांचल
Trending

पांच दिवसीय 26 से 30 दिसंबर तक ‘फ़िल्म एप्रिसिएशन कोर्स’ का होगा आयोजन;स्क्रिप्ट से लेकर स्क्रीन तक एफटीआईआई का विशेष सिनेमा प्रशिक्षण –

 

 

 

लखनऊ:- पुणे स्थित प्रतिष्ठित फ़िल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया (एफटीआईआई) के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 के बीच पाँच दिवसीय “बेसिक कोर्स इन फ़िल्म एप्रिसिएशन” का आयोजन किया जा रहा है। इस कोर्स का आयोजन लखनऊ के गोमती नगर के विजयंत खंड स्थित ‘महिंद्रा एजुकेशनल प्राइवेट लिमिटेड’ में किया जायेगा।

एफटीआईआई का ‘फ़िल्म एप्रिसिएशन कोर्स’ संस्थान के अत्यंत लोकप्रिय और ख्याति-लब्ध शृंखला में से एक है, जिसका उद्देश्य सिनेमा देखने, समझने और विश्लेषण करने का दृष्टिकोण विकसित करना है। लखनऊ के पुराने सिनेमा प्रेमियों को यह कोर्स सुप्रसिद्ध शिक्षक स्व. सतीश बहादुर के नेतृत्व में आयोजित क्लासिक सत्रों की याद दिलाएगा, जिन्होंने शहर में फिल्मों की गहन समझ को नई दिशा दी थी।

लखनऊ शॉर्ट फ़िल्म फेस्टिवल के दौरान भाग लेने आए एफटीआईआई के निदेशक धीरज सिंह ने कहा कि, “लखनऊ में दर्शकों का सिनेमा के प्रति लगाव और समझ बेहद प्रेरणादायक है। एफटीआईआई के शॉर्ट कोर्सेस के लिए लखनऊ जैसे शहर एक आदर्श केंद्र हैं। यह ‘फ़िल्म एप्रिसिएशन कोर्स’ प्रदेश में हमारी मजबूत उपस्थिति की दिशा में सशक्त कदम है।”

इस कोर्स में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन एफटीआईआई की वेबसाइट https://ftii.ac.in/p/vtwa/basic-course-in-film-appreciation-in-lucknow-26-30-december-2025 पर 12 दिसंबर 2025, सायं 6 बजे तक स्वीकार किया जाएगा। चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों की सूची वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी और ईमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सफल उपस्थिति (90% उपस्थिति आवश्यक) पर सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।

इस कोर्स का संचालन एफटीआईआई के फ़िल्म स्टडीज़ विभाग के प्रमुख प्रो. इंद्रनील भट्टाचार्य तथा निर्देशन व शॉर्ट कोर्सेज़ विभाग के विशेषज्ञ प्रो. मिलिंद दामले की टीम द्वारा किया जाएगा। कोर्स में सिनेमा की स्क्रिप्ट राइटिंग से लेकर स्क्रीन विज़ुअल लैंग्वेज, फिल्म इतिहास, निर्देशन, और विश्व सिनेमा की विविध विधाओं पर गहन चर्चा होगी।

एफटीआईआई देश का अग्रणी फ़िल्म शिक्षा संस्थान है, जिसके पूर्व विद्यार्थियों में शत्रुघ्न सिन्हा, जया भादुड़ी, मिथुन चक्रवर्ती, डैनी डेन्ज़ोंग्पा, राजकुमार राव, जयदीप अहलावत, विजय वर्मा, और निर्देशक अदूर गोपालकृष्णन, गिरीश कसरवल्ली, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी जैसे नाम शामिल हैं। एफटीआईआई के छात्र रसूल पोकुट्टी को साउंड मिक्सिंग के लिए ‘ऑस्कर पुरस्कार’ भी मिल चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page