
आतंकी उमर का घर ध्वस्त, दिल्ली ब्लास्ट के बाद कार्रवाई –
जम्मू-कश्मीर :-
देश की राजधानी दिल्ली में बीते सोमवार शाम करीब 7 बजे एक धमाका हुआ था| इस धमाके में कुल 13 लोगों की जान गई थी| पूरे मामले में जम्मू-कश्मीर के रहने वाले डॉ. उमर का हाथ सामने आया था| इस धमाके में वह खुद मारा गया है|जांच एजेंसियों ने पाया है कि यह बहुत लंबे समय से इस धमाके की योजना बना रहे थे| धमाके के बाद जांच एजेंसियों ने कई एक्शन लिए हैं| इसी कड़ी में आतंकी उमर का घर भी गिरा दिया गया है।
लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियों ने देशभर में छापेमारी की थी| इसमें सामने आया था कि आतंकी उमर ने ही पूरे धमाके को अंजाम दिया था| इसके साथ ही उनका ग्रुप पिछले 2 सालों से इस ब्लास्ट की योजना बना रहा था| पुलिस ने उमर के भाई और मां दोनों को हिरासत में भी लिया था|
उमर की मां ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया था कि उनको पता था कि उनका बेटा कट्टरपंथी बन चुका है| उनकी कई-कई दिनों तक उससे बात नहीं होती थी| धमाके से पहले भी उमर ने परिवार को कॉल न करने के लिए कहा था, हालांकि परिवार की तरफ से उमर की इन गतिविधियों की पुलिस को जानकारी पहले नहीं दी गई थी|
दिल्ली धमाके में पुलवामा के रहने वाले उमर मोहम्मद का नाम सामने आया था| जांच में ये भी पाया गया कि इस धमाके में उसकी भी मौत हो चुकी है| उमर मोहम्मद पेशे से एक डॉक्टर था| उमर जैश ए मोहम्मद के उस मॉड्यूल से जुड़ा था, धमाके से पहले ही पुलिस की तरफ से उमर की गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था| उनके पास से 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था।
पुलिस फिलहाल उमर के सभी साथियों से पूछताछ करने में लगी हुई है| पता लगाया जा रहा है कि आखिर इनका कितना बड़ा प्लान था| इसके साथ ही ये भी पता करने की कोशिश की जा रही है कि ये लोग कहां-कहां धमाका करने की योजना बना रहे थे|



