शहीद व्यापारियों को दी श्रद्धांजलि

शहीद व्यापारियों को दी श्रद्धांजलि
बांदा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने शहीद हुए व्यापारियों की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हे श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और व्यापारी हितों के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। जिला भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने शहीद हुए व्यापारियों के बलिदान को याद किया। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने कहा कि 50 वर्ष पहले जब व्यापारियों का शोषण होता था और समाज को उत्पीड़ित किया जाता था। व्यापारियों का सम्मान नही होता था बल्कि इन्हे हेय दृष्टि से देखा जाता था। तब अदम्य साहस के धनी लाला विशंभर दयाल, पंडित श्याम बिहारी मिश्रा, रविकांत गार्गी व अरूण अग्रवाल ने व्यापार मंडल की बुनियाद रखी तथा व्यापारियों को संरक्षित कर संघर्ष का बिगुल बजाया। व्यापारी समाज को अन्याय व अत्याचार से निजात दिलाने के लिए आवाज बुलंद की। संगठन के बैनर तले कई बार आंदोलनों का सहारा ही एक मात्र विकल्प मौजूद था। उन्होने कहा कि बीती 26 मई 1979 को लखनऊ के अमीनाबाद में बिक्री विभाग के छापे को बंद कराने को लेकर तत्कालीन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने में पुलिस की गोली से 23 वर्षीय नवयुवक हरिश्चंद्र अग्रवाल की मृत्यु हो गयी थी। तब से लेकर विभिन्न व्यापारी आंदोलनों व व्यापारियों के सम्मान के लिए संघर्ष में 14 व्यापारी आंदोलनों मे शहीद हुए हैं। उन्ही की याद में प्रत्येक वर्ष 26 मई को व्यापार मंडल शहीद दिवस के रूप में मनाता है। इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार राज, वरिष्ठ मंत्री मनोज जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष मयंक गुप्ता सर्राफ, जिला मंत्री सुरेश गुप्ता कान्हा, जिला उपाध्यक्ष सुनील सक्सेना, उमेश गुप्ता, स्वरूप चंद्र जैन, सुनील दीक्षित, अनिल गौतम आदि मौजूद रहे।