Uncategorized

भाजपा ने बुंदेलखण्ड को किया लूटने का काम-अखिलेश

भाजपा ने बुंदेलखण्ड को किया लूटने का काम-अखिलेश

बांदा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुंदेलखण्ड के लोगांे की वीरता का बखान किया और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि बुंदेलखण्ड के लोग दुश्मन की पहचान व उसे परास्त करना भली-भांति जानते हैं। अखिलेश यादव अतर्रा कस्बे के हिन्दू इंटर कालेज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि भाजपा ने बुंदेलखण्ड को लूटने का काम किया है। लोगों ने अब मन बना लिया है कि बुंदेलखण्ड की सभी सीटें गठबंधन की झोली में डालेंगे। 4 जून के बाद देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कहा कि गरीबों को आटा के साथ मुफ्त में डाटा भी दिया जाएगा तथा जनगणना कराकर आरक्षण देते हुए खाली पड़े 30 लाख पदों में नौकरी दी जाएगी। उन्होने लोगों से कहा कि यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है। एक ओर संविधान बचाने वाले हैं तो दूसरी ओर संविधान को बदलने वाले। बांदा-चित्रकूट लोकसभा इंडिया गठबंधन प्रत्याशी कृष्णा पटेल को जीत दिलाने की अखिलेश यादव ने अपील की। उन्होने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बुंदेलखण्ड ने इस बार मन बना लिया है कि भाजपा को कोई भी सीट जीतने नही देंगे। कहा कि यहां के लोगों के साथ भाजपा ने जो लूटने का काम किया है जनता सरकार बनाने से भाजपा को रोकने का काम करेगी। उरई व झांसी की जनसभा के बाद एहसास हुआ कि गठबंधन सभी सीटें जीत रहा है। कहा कि भाजपा जुमलेबाजों की पार्टी है। इन्होने डिफेंस कॉरिडोर बनाने का वादा किया था लेकिन वह अब तक कहीं दिखाई नही दे रहा। आजादी के बाद से बुंदेलखण्ड अभी तक प्यासा है। भाजपा की हर घर नल योजना में जितना पैसा आया है यदि उसे ईमानदारी से लगाया गया होता तो लोगों की प्यास बुझाने के साथ ही पानी खेतों तक पहुंच जाता। कहा कि इसी प्रकार अन्ना जानवरों की समस्या समाप्त नही हुई। इसके नाम पर भाजपा करोड़ो रुपये डकार गयी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव को समुद्र मंथन से जोड़ते हुए संविधान मंथन की संज्ञा दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हवाई अड्डे, रेलवे तथा अन्य संस्थान बेंचने का काम कर रही है। कोई भी भर्ती इनकी सरकार मे निकलती है तो वह स्वयं पेपर लीक कराती है। कहा कि यदि पेपर लीक नही होगा तो युवाओं को नौकरी देने के साथ आरक्षण भी देना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान बचाने के लिए सभी लोगों को अपने बूथ की रक्षा करनी होगी। पुलिस व भाजपाई यदि रास्ता रोकें तो भी रास्ता ढूंढकर वोट डालने जाएं। उन्होने भाजपा, बसपा का नाम लेते हुए कहा कि दोनो पार्टियों ने अंदर ही अंदर हांथ मिला लिया है। उन्होने बसपा के लोगों से कहा कि बाबा साहब के संविधान को बचाने की लड़ाई है। इसलिए अपना वोट खराब न करें। जनाधिकार पार्टी के अध्यक्ष व जौनपुर लोकसभा गठबंधन प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कृष्णा पटेल को भारी मतों से जिताने की अपील की। जनसभा में राज्यसभा सांसद विशंभर निषाद, यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, बबेरू विधायक विशंभर यादव, कर्वी विधायक अनिल प्रधान, सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष विवेकबिंदु तिवारी, महासचिव एजाज खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न दुबे, लालू, पूर्व मंत्री शिवशंकर पटेल व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page