बांदा जनपद की संक्षिप्त खबरें…..

कथा सुनकर श्रोता हुए मंत्रमुग्ध
बांदा। तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम मिरगहनी में स्थित सिद्ध स्थल स्वामी वंशदास बाबा के प्रांगण में हो रही 9 दिवसीय श्री राम कथा के सातवें दिन राम और भरत मिलन की कथा सुनाई गई। जहां कथा की प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा वाचक स्वामी लोकेंद्र दास महाराज ने कहा कि भरत ननिहाल से आकर अपने पिता राजा दशरथ का अन्तिम संस्कार कर, अयोध्या से गुरू वशिष्ठ को साथ लेकर तीनों माताओं के साथ वन के लिए प्रस्थान किया। निषादराज से भेंट हुई तब ज्ञात हुआ कि भरद्वाज ऋषि के आश्रम में राम पधारे हैं। ऐसा जान भरत ने मुनि को प्रणाम कर प्रभु श्री राम का कुशल क्षेम पूछा, तब पता चला कि प्रभु श्री राम चित्रकूट में कुटी बनाकर निवास कर रहे हैं। तब भरत जी की यात्रा चित्रकूट के लिए प्रस्थान कर गई। देवताओं ने भरत की सेवा कर भक्तों का मान बढ़ाया। सीता ने अपनी सासू माताओं को प्रणाम कर अपने पिता जनक से मिलीं और वशिष्ठ जी के चरणों की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। राम ने भरत को बताया कि पिता के वैकुंठ जाने पर प्रजा की रक्षा के लिए आप हमारी चरण पादुकाओ को अयोध्या की राजगद्दी पर स्थापित करें। ऐसा वचन सुनकर भरत को संतोष हुआ। चरण पादुका सिर में धारण कर भरत जी अयोध्या वापस आ गए। इस अवसर पर कार्यक्रम संचालक जितेंद्र भारती नागा बाबा, भाजपा नेता आनन्द स्वरूप द्विवेदी, अनूप तिवारी, पूर्व प्रधान प्रतापनारायण त्रिपाठी, शिक्षक नेता हरवंश श्रीवास्तव, प्रमोद त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इंडिया गठबंधन प्रत्याशी की जीत को लेकर दिखाई एकजुटता
बांदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने इंडिया गठबंधन की समन्वय बैठक के क्रम में 44 वीं लोकसभा क्षेत्र बांदा पहुंचकर कांग्रेस और सपा व आप पार्टी एवं अन्य गठबंधन के सहयोगी राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं की बैठक की। इंडिया गठबन्धन प्रत्याशी को जिताने की अपील की। मोदी सरकार पर किसानों को बर्बाद करने व नौजवानों को नौकरी न दे पाने का आरोप लगाया। कहा कि 2024 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। अविनाश पांडे ने समन्वय बैठक में जननेता राहुल गांधी के संदेश को भी नेताओं कार्यकर्ताओं को बताया और लोकसभा चुनाव में सभी से सामूहिक रुप से जुटकर इण्डिया गठबन्धन के प्रत्याशी को जिताने की अपील की। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने समन्वय बैठक में कहा कि यह चुनाव देश के संविधान, जनता का अधिकार, वंचितों का आरक्षण और बच्चों का भविष्य बचाने का चुनाव है। पाण्डेय ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी की सरकार में किसानों के खिलाफ तीन काले क्रूर कृषि कानून लाये गये थे, उन काले कानूनों के विरोध में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व मे विरोध किया गया। जिस पर भाजपा सरकार को उन काले कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा। पांडे ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही ‘‘अग्निवीर योजना’’ को तुरंत रद्द किया जायेगा और पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया फिर से लागू करायेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल रॉय, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह, अंशू तिवारी, चंद्रप्रकाश, जे.पी.पांडे, प्रदुम्न कुमार लालू दुबे जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, संकटा त्रिपाठी, इंडिया गठबंधन बाँदा चित्रकूट की प्रत्याशी कृष्णा शिवशंकर पटेल एवं समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।