मतदान मे भागीदारी बढ़ाने को दिव्यांगों की ट्राई साइकिल यात्रा

मतदान मे भागीदारी बढ़ाने को दिव्यांगों की ट्राई साइकिल यात्रा
बांदा। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव मे अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जिले के दिव्यांगो की ट्राई साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर अधिक से अधिक मतदान मे भागीदारी के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत ट्राई साइकिल यात्रा विकास भवन से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, डीएम कालोनी रोड, कचेहरी चौराहा होते हुए वापस विकास भवन पहुंची। यात्रा का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर किया। मतदाता जागरूकता अभियान को संबोधित करते हुए सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने एक-एक मत मूल्यवान है का संदेश दिया। उन्होने कहा कि दिव्यांगों एवं वृद्धों के लिए मतदान बूथों पर जरूरी व्यवस्थाएं कराई गयी हैं। अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने दिव्यांगों को जिलाधिकारी का संदेश बनो देश के भाग्य विधाता, जागो बांदा के मतदाता को दोहराया। उन्होने बताया कि जिले के सभी 1389 बूथों पर दृष्टिबाधितों के लिए ब्रेल बैलेट की व्यवस्था की गयी है। ब्रेल मतदान पत्र राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संस्थान से विशेष तौर पर दृष्टिबाधितों के लिए मंगाए गये हैं। जिला विकास अधिकारी रमा शंकर ने पहले मतदान फिर जलपान का आह्वान किया। पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय ने कहा कि एक-एक वोट से सरकार बनती, बिगड़ती है। दिव्यांग खुद मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी ने कहा कि जिले मे लगभग 12 हजार से अधिक दिव्यांग मतदाता एवं 8 हजार से अधिक 85 वर्ष उम्र से अधिक के मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होने अपील की, कि मत का महत्व समझें एवं मतदान दिवस को अवकाश न समझें बल्कि जिम्मेदार मतदाता बनकर अधिक से अधिक वोट करें। कहा कि दिव्यांगो के लिए व्हील चेयर, एनसीसी, स्काउट गाइड बूथों पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम मे बड़ी संख्या मे दिव्यांगों ने भाग लिया।