
वाराणसी:- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में 77वें संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को ‘भारतीय संवैधानिक दर्शन के परिप्रेक्ष्य में रामराज्य की अवधारणा’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि भारतीय प्रजातंत्र मूल्य आधारित है और ऐसे में रामराज्य की संकल्पना एक आदर्श रोल मॉडल प्रस्तुत करती है।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि भारतीय संविधान में किसी भी नागरिक के प्रति भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। भारतीय संविधान सामान्य नागरिकों के कल्याण पर केंद्रित है, वहीं रामराज्य की अवधारणा भी वंचित वर्गों के कल्याण और सामाजिक समरसता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि एक जीवन पद्धति है।
संविधान शासन संचालन का स्वस्थ माध्यम : प्रो. पंकज कुमार चतुर्वेदी –
मुख्य वक्ता प्रो. पंकज कुमार चतुर्वेदी, प्राचार्य, छोटानागपुर लॉ कॉलेज, रांची विश्वविद्यालय ने संविधान की प्रस्तावना को केंद्र में रखते हुए रामराज्य की अवधारणा को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि संविधान शासन और सत्ता के संचालन का स्वस्थ माध्यम है। राज्य व्यवस्था को नियंत्रित और संचालित करने की शक्ति संविधान में निहित होती है।
उन्होंने भारतीय और अमेरिकी संविधान का उदाहरण देते हुए मौलिक अधिकारों की व्यवस्था पर चर्चा की। प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय संविधान में स्वतंत्रता, न्याय, सद्भाव और नैतिकता जैसे मूल्यों को विशेष महत्व दिया गया है। ये मूल्य रामराज्य की संकल्पना से भी जुड़ते हैं।
रामचरितमानस के उत्तरकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने रामराज्य को जीवन जीने का एक आदर्श मॉडल बताया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दोहों के माध्यम से उस समय की शासन व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों को रेखांकित किया।
संविधान की उद्देशिका का हुआ वाचन –
संगोष्ठी के दौरान संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया गया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक, विधि विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा कृतिका पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हंसराज ने प्रस्तुत किया।



