
लखनऊ:- अब बड़े ब्रांड के नाम पर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी नहीं चलेगी। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, KFC, डोमिनोज, बर्गर किंग, हल्दीराम और वॉव मोमो समेत 16 प्रमुख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फूड चेन कंपनियों के प्रबंधन को सख्त पत्र भेजकर अपने सभी आउटलेट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की जांच में 140 से अधिक आउटलेट्स पर साफ-सफाई, किचन हाइजीन, खाद्य सामग्री के भंडारण और उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में कमियां सामने आई हैं।
आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से कंपनियों के एमडी और सीईओ को भेजे गए पत्र में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। कंपनियों को न केवल मौजूदा खामियां दूर करने, बल्कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान में 400 से अधिक इकाइयों की जांच –
FSDA की ओर से चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेशभर में 400 से अधिक फास्ट फूड इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इनमें 16 बड़ी कंपनियों के 140 से अधिक आउटलेट्स शामिल रहे। जांच में कई प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, रसोई की व्यवस्था और हाइजीन से जुड़ी कमियां पाई गईं।
इन कंपनियों के आउटलेट्स की हुई जांच –
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, डोमिनोज के 36, बर्गर किंग के 15, देवयानी इंटरनेशनल के 15, बीकानेर फूड्स के 12, पिज्जा हट के 11, मैकडॉनल्ड्स के 10, सबवे के 7, हल्दीराम के 6, बार्बेक्यू नेशन के 6, रोमिनस पिज्जा के 6, वॉव मोमो के 5, बर्गर सिंह के 4, ला पिनोज के 3, कैफे कॉफी डे के 3, पिंड बल्लूची के 3 और द हेजलनट फैक्ट्री के एक आउटलेट की जांच की गई।
पांच बिंदुओं पर सुधार के निर्देश –
FSDA ने कंपनियों को किचन एवं सर्विंग एरिया की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री तैयार करने वाले उपकरणों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, निर्धारित तापमान पर खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कच्चे और पके भोजन को अलग रखने तथा मेन्यू कार्ड एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खाद्य पदार्थों से संबंधित अनिवार्य जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा वैध FSSAI लाइसेंस और गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने को भी कहा गया है।
निर्देशों में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री के अलग-अलग भंडारण, फूड ग्रेड पैकेजिंग, नियमित पेस्ट कंट्रोल तथा सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, दूषित भोजन और क्रॉस कंटैमिनेशन जैसी स्थितियों पर जीरो टॉलरेंस अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
बड़े ब्रांड्स की जवाबदेही तय करने की पहल –
विभाग का यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इन फूड चेन के आउटलेट्स में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भोजन करते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी छोटी सी लापरवाही भी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26 के तहत खाद्य कारोबार संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने नियंत्रण में आने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
FSDA की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत है कि खाद्य सुरक्षा के मामले में छोटे दुकानदारों के साथ बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की जवाबदेही भी तय होगी। अब निगरानी और सुधार के निर्देशों का वास्तविक असर आउटलेट्स की कार्यप्रणाली में कितना दिखाई देता है, यह आने वाली जांच और कार्रवाई से स्पष्ट होगा।



