
दिल्ली:- आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। देश में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
उद्योग सूत्रों के अनुसार, वैश्विक ऊर्जा बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईंधन आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से सरकारी तेल विपणन कंपनियों को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि नवीनतम संशोधन से पहले कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी वृद्धि है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है।
इस बीच सरकार ने पहले 1 मई को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। उस समय 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में वृद्धि की गई थी, जबकि 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में भी इजाफा हुआ था। इसके बाद 1 जून को कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये और महंगा कर दिया गया था।
हालांकि, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंत्रालय के अनुसार किसी भी गैस एजेंसी पर एलपीजी की कमी की स्थिति नहीं है और जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का कहना है कि होर्मुज संकट के बावजूद देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर कार्य कर रही हैं तथा उनके पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। साथ ही घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।



