अगले 10 दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने जारी किया अलर्ट –

दिल्ली:- जानें मौसम का हाल भारत में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक तापमान में गिरावट आई है, जिससे जीवन सामान्य रूप से प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों पर पारा शून्य से नीचे गिर चुका है, जिससे जलाशय और झीलों का पानी भी जमने लगा है।
वहीं, मैदानी इलाकों में ठिठुरन का स्तर बढ़ चुका है। दिल्ली में शुक्रवार को ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा देखा गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, 23 दिसंबर को फिर से एक विक्षोभ आएगा। इसके कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी ही होगी। इसके बाद 26 दिसंबर, 29 दिसंबर तक और दो जनवरी को एक-एक करके तीन विक्षोभ आएंगे। ऊपरी वायुमंडल की जेट धाराओं के दक्षिणायन होने से ये विक्षोभ असरदार साबित होंगे। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के अलावा मैदानी राज्यों में तेज गति से हवाएं चलने, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। इससे शीतलहर और कुहासे की संभावना अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली अगले दो दिनों तक हल्का से घना कोहरा बने रहने की संभावना है। इसके चलते दिल्लीवासियों को ठंड और कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। मौसम विभाग ने इस पर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले दो दिन ठंड और कोहरे का प्रभाव बढ़ सकता है।
श्रीनगर और कश्मीर में कड़ाके की ठंड
कश्मीर में चिल्लई कलां के दौरान ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। श्रीनगर में गुरुवार की रात अब तक की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस रात का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। कड़ाके की ठंड के कारण कई इलाकों में पानी की लाइनें और डल झील जैसे जलाशय भी जमने लगे हैं।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले रात से 6.8 डिग्री कम था। स्कीइंग के लिए प्रसिद्ध गुलमर्ग में भी न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो पिछले रात से एक डिग्री कम था। मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर की रात को कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।