दिल्ली

‘कश्मीर घाटी में 35 साल बाद स्थानीय आतंकियों की मौजूदगी शून्य होने का दावा, फिर भी क्यों अलर्ट हैं सुरक्षा एजेंसियां?

 

 

नई दिल्ली:-  कश्मीर घाटी में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। 18 नवंबर 2026 को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलीपोरा में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के 22 वर्षीय आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकवादियों की संख्या शून्य होने का दावा किया गया है। वर्ष 1989 में आतंकवाद की शुरुआत के बाद इसे पहली बार ऐसी स्थिति बताया जा रहा है।

लतीफ भट को घाटी का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी माना जा रहा था। इससे एक दिन पहले उसका साथी उमर निसार डार भी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। हालांकि, इस सफलता के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह पहाड़ी और घने जंगलों में छिपे विदेशी आतंकवादी, स्थानीय युवाओं की नई भर्ती की आशंका और अतीत में आतंकवाद के दोबारा सिर उठाने का अनुभव है।

पहले भी कम हुई थी आतंकियों की संख्या –

सुरक्षा एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आतंकवाद की नई पीढ़ी को तैयार होने से रोकना है। वर्ष 2013 में भी कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकवादियों की संख्या 80 से नीचे पहुंच गई थी और स्थानीय आतंकियों की संख्या 35 से कम रह गई थी। इसके बावजूद बाद में बुरहान वानी के दौर में दक्षिण कश्मीर फिर आतंकवाद का केंद्र बन गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट युवाओं को आतंकी संगठनों में भर्ती करने में सक्रिय था। उसने हाल ही में उमर डार को भी संगठन में शामिल किया था। ऐसे में उसकी मौत को नई भर्ती के नेटवर्क के लिए झटका माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की नजर युवाओं को आतंकवाद की ओर आकर्षित होने से रोकने पर है।

घाटी के जंगलों में अब भी करीब 30 विदेशी आतंकी  –

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने बताया कि घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य होने के बावजूद लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े करीब 30 विदेशी आतंकवादी पहाड़ी और घने जंगलों में सक्रिय हैं।

सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि स्थानीय मदद नहीं मिलने से इन आतंकियों की गतिविधियों और बड़े हमलों की योजना बनाने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इसके बावजूद वे सुरक्षा बलों के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं। वहीं, जम्मू संभाग के किश्तवाड़ क्षेत्र में कम से कम तीन स्थानीय आतंकियों के सक्रिय होने की बात भी सामने आई है। इनमें मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी का नाम शामिल है।

लतीफ की आखिरी वीडियो कॉल ने भी बढ़ाई चिंता –

मुठभेड़ से पहले लतीफ भट और वरिष्ठ पुलिस एवं सेना अधिकारियों के बीच हुई आखिरी वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग लीक होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस वीडियो को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।

दक्षिण कश्मीर में तैनात एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वीडियो साझा करने का उद्देश्य यह दिखाना था कि लतीफ को आत्मसमर्पण करने का पूरा मौका दिया गया था। हालांकि, अधिकारियों को आशंका है कि इसका युवाओं पर कोई अनचाहा प्रभाव न पड़े।

कुछ अधिकारियों का मानना है कि इस बातचीत से युवाओं तक यह संदेश भी पहुंच सकता है कि सुरक्षा बलों से लंबे समय तक बचना संभव नहीं है और आतंकवाद का रास्ता अंततः गिरफ्तारी या मौत की ओर ले जाता है।

सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती आतंकवादियों की संख्या शून्य बनाए रखने के साथ-साथ नई भर्ती रोकना और विदेशी आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page