लखनऊपूर्वांचल
Trending

महिलाओं की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए लखनऊ मेट्रो ने शुरू की “मायदीदी” ईवी बाइक सेवा –

विश्व पर्यावरण दिवस पर संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन - 

 

 

लखनऊ:-   विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने “मायदीदी” नामक महिलाओं के लिए विशेष ईवी बाइक सेवा शुरू की। यह सेवा महिला राइडर्स द्वारा संचालित की जाएगी और केवल महिला यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।

इस सेवा का शुभारंभ यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर किया। “महिलाओं द्वारा, महिलाओं के लिए” की अवधारणा पर आधारित यह सेवा महिलाओं को मेट्रो स्टेशनों तक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल लास्ट माइल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

प्रारंभिक चरण में यह सेवा विश्वविद्यालय, आईटी कॉलेज, भूतनाथ और कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशनों से संचालित होगी।

महिला यात्री इन स्टेशनों से 5 किलोमीटर के दायरे में मात्र ₹15 प्रति यात्रा पर पिक-अप एवं ड्रॉप सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। विशेष ऑफर के तहत 5 जून से 13 जून 2026 तक यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इस सेवा की पहली यात्री सुश्री किरण रहीं। उन्होंने लखनऊ मेट्रो की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “मायदीदी” सेवा महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी और सुरक्षित है। इससे महिलाओं को मेट्रो स्टेशन तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा वे अधिक आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ अपनी यात्रा कर सकेंगी।

इस अवसर पर सुशील कुमार ने कहा कि, मायदीदी सेवा महिलाओं को स्वतंत्र रूप से यात्रा करने में मदद करेगी। यह विशेष रूप से छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए उपयोगी होगी। सेवा में लाइव जीपीएस ट्रैकिंग और एसओएस जैसी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं। आने वाले समय में इसका विस्तार अन्य मेट्रो स्टेशनों तक भी किया जाएगा, जिससे महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर “सतत गतिशीलता एवं सतत जीवनशैली” विषय पर संगोष्ठी – 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर “सतत गतिशीलता एवं सतत जीवनशैली” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरणविद् ‘पेड़ वाले बाबा’ उर्फ आचार्य चंद्र भूषण तिवारी, डॉ. निमिष कपूर, डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह तथा यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने अपने विचार साझा किए।

वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और सतत जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और यात्रियों को तुलसी के पौधे वितरित किए गए।

 

ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो डिपो में वृक्षारोपण –

इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो डिपो में वृक्षारोपण किया गया। मेट्रो अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। 

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

You cannot copy content of this page