
लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 13 नवंबर से चुनावी तैयारी को औपचारिक रूप से शुरू करेगी। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला एवं शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में आयोजित होगी। इसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

तनुज पुनिया ने कहा कि कार्यशाला में जिला एवं शहर अध्यक्षों को भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर संघर्ष करने और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति समझाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं से रोजगार छीना है और किसानों को बदहाल कर दिया है। संगठन के पदाधिकारी इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनता के बीच जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मीडिया विभाग, सोशल मीडिया विभाग, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर की भी कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं सांसद पवन खेड़ा तथा कांग्रेस प्रवक्ता और यूपी कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे मौजूद रहेंगे।
पुनिया के मुताबिक, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मीडिया के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और पार्टी की बात आम जनता तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
कांग्रेस की इन कार्यशालाओं को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और चुनावी अभियान की रणनीति तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



