
लखनऊ:- भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को लखनऊ में “निर्वाचक साक्षरता क्लब (ELC 2.0) और ECINET” विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन का उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के माध्यम से युवाओं में निर्वाचन साक्षरता और लोकतांत्रिक जागरूकता को मजबूत करना है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी व समझ लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं को भारत की निर्वाचन प्रणाली, मतदाता पंजीकरण, मतदान, मतगणना और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं का विश्वास और उनकी सजग भागीदारी लोकतंत्र के भविष्य में निवेश है। ELC 2.0 की टैगलाइन “लोकतंत्र को जानें! लोकतंत्र को आगे बढ़ाएं!” रखी गई है।
ELC 2.0 के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को व्यवस्थित, डिजिटल और सक्रिय प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जाएगा। इन क्लबों के माध्यम से पूरे वर्ष विद्यार्थियों और उनके परिवारों तथा समुदायों के बीच निर्वाचन संबंधी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इस पहल को ECINET डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जाएगा, जिसके माध्यम से मतदाता सूची से लेकर मतदान तक चुनाव संबंधी विभिन्न सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ECINET पर समर्पित ELC पोर्टल के जरिए देशभर के निर्वाचन साक्षरता क्लबों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि देश में करीब 15 लाख स्कूलों में लगभग 25 करोड़ विद्यार्थी और एक करोड़ से अधिक शिक्षक हैं। वहीं उच्च शिक्षा क्षेत्र में करीब 1,500 विश्वविद्यालय और 70 हजार शिक्षण संस्थान हैं, जिनमें लगभग 4.33 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

आयोग के अनुसार, इतने व्यापक शैक्षणिक नेटवर्क के जरिए युवाओं को तथ्यों और अनुभव आधारित निर्वाचन शिक्षा देने, चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता व विश्वसनीयता के प्रति जागरूक करने और उन्हें लोकतांत्रिक भागीदारी का अग्रदूत बनाने का लक्ष्य है।
इससे पहले ज्ञानेश कुमार ने अपने पूर्व शैक्षणिक संस्थान कोल्विन तालुकदार्स कॉलेज का दौरा कर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। मंगलवार को वे उत्तर प्रदेश के बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ संवाद करेंगे।


