कुशीनगर की सियासत में ‘बागी’ की एंट्री, पत्रकार अंशुमान पाण्डेय ने किया चुनाव लड़ने का ऐलान –

कुशीनगर :- कसया नगर स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार अंशुमान पाण्डेय ‘बागी’ ने कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की। इस दौरान पूर्वांचल गांधी डॉ. मल्ल भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में अंशुमान पाण्डेय ने कहा कि – रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा, रेल, एयरपोर्ट, पत्रकार सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा उनके चुनाव के प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के आठ दशक बाद भी पत्रकारों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। बेरोजगारी, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी समस्याओं से आम जनता जूझ रही है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और आम लोगों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए पत्रकारों का सदन तक पहुंचना जरूरी है।
वर्तमान जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कुशीनगर में एयरपोर्ट, रेल सुविधाओं, रोजगार तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जनता इन सवालों पर जवाब चाहती है और क्षेत्र के विकास के लिए ठोस पहल जरूरी है।
वहीं, पूर्वांचल गांधी डॉ. मल्ल ने कहा कि सामाजिक समस्याओं और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने अंशुमान पाण्डेय ‘बागी’ को निर्भीक और बेबाक पत्रकार बताते हुए उनके चुनाव लड़ने के फैसले का समर्थन किया।
इस अवसर पर रामानंद सिंह, परशुराम तिवारी, सोनू अली, जितेंद्र मणि, कन्हैया मद्धेशिया, काशीनाथ साहनी, शिवकुमार कुशवाहा और धर्मवीर समेत सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी भी रही।



