
लखनऊ:- आलू किसानों की सब्सिडी, आगामी सीजन में परिवहन सहायता और आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय किए जाने को लेकर किसान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उद्यान निदेशालय में महत्वपूर्ण बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव उद्यान बी.एल. मीणा की अध्यक्षता में निदेशक उद्यान एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष किसानों की समस्याएं रखीं।
किसान प्रतिनिधियों ने मांग की कि सब्सिडी की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाई जाए, ताकि रजिस्ट्रेशन से लेकर भुगतान तक किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में आगामी समय में ₹1 प्रति किलोग्राम की दर से आलू पर सब्सिडी दिए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। वहीं, आगामी आलू सीजन में ₹1.75 प्रति किलोग्राम तक परिवहन सहायता/सब्सिडी दिए जाने की दिशा में सरकार की तैयारी की जानकारी भी दी गई। किसान संगठन ने मांग की कि इन योजनाओं का लाभ किसानों को बिना किसी रुकावट और सरल प्रक्रिया के माध्यम से मिले।
आलू के लिए MSP की मांग
बैठक में आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) निर्धारित किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि खाद, बीज, मजदूरी, सिंचाई और अन्य लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि बाजार में आलू के दामों में उतार-चढ़ाव बना रहता है। कई बार किसानों को लागत से कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी होती है। ऐसे में आलू के लिए उचित MSP तय करना किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम होगा।
प्रमुख सचिव उद्यान बी.एल. मीणा ने किसान प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सब्सिडी के रजिस्ट्रेशन और भुगतान में अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों की समस्याओं को विभागीय स्तर पर गंभीरता से लेकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि आगामी APC बैठक में आलू किसानों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें सब्सिडी, MSP और परिवहन सहायता सहित अन्य विषयों पर विचार किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आलू किसानों की वास्तविक समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखना है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य, समय पर सहायता और सरकारी योजनाओं का पारदर्शी लाभ दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।
बैठक में मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर, युवा मंडल अध्यक्ष मोहित यादव, जिला अध्यक्ष बाराबंकी रामशरण वर्मा, जिला अध्यक्ष आगरा दीपक तोमर, जिला अध्यक्ष अलीगढ़ योगेश तोमर, जिला अध्यक्ष मथुरा तिलक उपाध्याय, जिला अध्यक्ष मैनपुरी नवनीत यादव, वरिष्ठ पदाधिकारी प्रवीण यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसान संगठन ने स्पष्ट किया कि आलू किसानों को सब्सिडी, परिवहन सहायता और MSP का लाभ दिलाने के लिए सरकार के साथ संवाद जारी रहेगा और किसानों की समस्याओं को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।



