
गोरखपुर:- आगामी त्योहारों के मद्देनज़र प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों एवं मंडलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार से मंडल एवं जनपद स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के प्रतीक होते हैं, ऐसे में राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और रेलवे स्टेशन, बस अड्डों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अफवाह फैलाने वालों, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने वालों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन कर सही जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि त्योहारों के अवसर पर बिजली, पानी, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें।
गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, डीआईजी/एसएसपी राज करन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, अपर जिलाधिकारी नगर अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और अन्य विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाए।
अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि गोरखपुर मंडल सहित पूरे प्रदेश में अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, जिससे आगामी त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाए जा सकें।



