अयोध्या

दीपोत्सव मे 24 लाख दीप से जगमग होगी रामनगरी, फिर बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड –

✍️धनंजय सिंह

अयोध्या :– रामनगरी अयोध्या रामलला के प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामनगरी दीपोत्सव पर जगमगा उठेगी। रामनगरी में 7वां दीपोत्सव बेहद खास होगा। दीपोत्सव में राम की पैड़ी के 51 घाटों पर 24 लाख दीप जलाए जाएंगे और 21 लाख से अधिक दीप एक साथ जलने का नया कीर्तिमान बनाया जाएगा। 25 हजार वॉलेंटियर्स मिलकर दीपों को रोशन करेंगे। इसके साथ ही लेजर शो और ड्रोन शो के जरिए प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र के प्रदर्शन की व्यवस्था की जा रही है।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद 2017 में राम की पैड़ी पर शुरू हुआ दीपोत्सव कार्यक्रम एक साथ दीपों के जलने को लेकर लगातार नया कीर्तिमान बना रहा है। दीपोत्सव हर बार अपने पिछले कीर्तिमान को तोड़ रहा है। रामनगरी अयोध्या में पहले दीपोत्सव के समय 1,80,000 दीप एक साथ जलाकर रिकॉर्ड बनाया गया था। साल 2018 में 3,01,152, साल 2015 में 5,50,000, साल 2020 में 5,51,000, साल 2021 में 7,50,000, साल 2022 में 15,76,000 दीप एक साथ जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नया कीर्तिमान दर्ज किया गया था।इस बार यह कीर्तिमान भी टूटने वाला है,क्योंकि इस बार 21 लाख से अधिक दीप एक साथ जलाने का नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी है।

 

दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए स्कूल-कॉलेज के छात्रों और शिक्षकों की मदद ली जा रही है।वहीं कई स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इस मुहिम में जोड़ा जा रहा है।इसलिए राम की पैड़ी पर दीप जलाने का नया कीर्तिमान बनाने के लिए लगभग 25 हजार वॉलिंटियर्स की मदद ली जा रही है।राम की पैड़ी पर दीपों की संख्या बढ़ रही है, तो दीपकों के जलने का क्षेत्र विस्तार भी हो रहा है।दीपों के जलने का यह सिलसिला इस बार लक्ष्मण घाट के पहले बने गुप्तारघाट बंधा मार्ग से शुरू होगा और चौधरी चरण सिंह घाट तक पूरा क्षेत्र दीपों से जगमगा उठेगा।

 

रामनगरी अयोध्या के प्राचीन कुंड, सरोवरों और परिक्रमा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर भी दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए जन सहयोग भी लिया जाएगा।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीप जलाने से होगी और उसके बाद हजारों वॉलेंटियर युवक-युवतियां दीप जलाकर कुछ मिनट में ही सरयू के लंबे घाट को रोशन कर रामनगरी अयोध्या के नए कीर्तिमान का हिस्सा हो जाएंगे।इस दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से हवाई शो और लेजर शो के जरिए धार्मिक ग्रंथों के अनुसार प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े वृत्तांत को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page